मोहाली
आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे एक दिवसीय क्रिकेट मैच के लिए रविवार को भारतीय टीम उतरेगी तो सभी की नजरें युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर लगी होंगी जो बेहतरीन प्रदर्शन करके विश्व कप टीम के लिए अपना दावा पुख्ता करना चाहेंगे। वहीं, मोहाली के जिस मैदान पर भारतीय टीम अपना चौथा वनडे खेलेगी वहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं है। भारत और ऑस्ट्रेलिया मोहाली के स्टेडियम में छह मैच खेल चुके हैं। इनमें से 5 मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने जीत हासिल की थी।
देखें मोहाली क्रिकेट ग्राऊंड के आंकड़े
…..कुल मैच 24
15 बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती।
9 बार दूसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती।
औसत स्कोर पहली पारी 268
औसत स्कोर दूसरी पारी 228
उच्चतम स्कोर : इंडिया बनाम श्रीलंका 392/4
न्यूनतम स्कोर : पाकिस्तान बनाम दक्षिण अफ्रीका 89/10
उच्चतम स्कोर जिसका सफल पीछा हुआ 322/6 (49.5 ओवर) पाकिस्तान वर्सेज इंडिया
धोनी को मिली रैस्ट
महेंद्र सिंह धोनी ने रांची में अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला और अब पंत को इंग्लैंड में होने वाले विश्व कप के लिए अपनी दावेदारी पेश करने का मौका मिला है। इससे पहले पंत विशुद्ध बल्लेबाज के रूप में खेल चुके हैं लेकिन अब धोनी को आराम दिए जाने के बाद उन्हें विकेटकीपिंग का मौका भी मिलेगा।
केएल राहुल को मिल सकता है मौका
कोहली आमूलचूल बदलाव के पक्षधर नहीं है लेकिन केएल राहुल को मौका दिया जा सकता है। देखना यह है कि वह धवन की जगह लेते हैं या रायुडू की। कोहली ने तीसरे वनडे के बाद कहा था- अगले दो मैचों में टीम में कुछ बदलाव होंगे। इसका लक्ष्य लड़कों को मैच जिताने वाला प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना है और वे भी विश्व कप टीम में शामिल होने के लिए सर्वश्रेष्ठ फार्म हासिल करना चाहेंगे।
शीर्षक्रम ने बढ़ाई चिंता
भारतीय खेमे की चिंता शीर्षक्रम का प्रदर्शन है। कोहली ने तीन मैचों में दो शतक समेत 283 रन बनाए हैं। लेकिन बाकी क्रिकेटर चल नहीं पाए हैं।
केदार जाधव 3 मैच, 118 रन
रोहित शर्मा 3 मैच, 51 रन
अंबाती रायुडू 3 मैच, 33 रन
शिखर धवन 3 मैच, 22 रन
भारतीय बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ बोले-
दो मैचों के बीच कम अंतर होना अच्छा ही रहा। कई बार यह अच्छा होता है कि 2 मैचों के बीच इतना कम अंतर है। ऐसे में खिलाडिय़ों को ज्यादा सोचने का समय नहीं मिलता। मुझे खुशी है कि अगला मैच रविवार को है।
शमी के पैर में चोट, भुवनेश्वर खेलेंगे : भारत की अंतिम एकादश में भुवनेश्वर कुमार को मोहम्मद शमी की जगह उतारा जाएगा। शमी को तीसरे मैच में पैर में चोट लगी थी। उन्हें आराम दिया गया है।
-ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जाम्पा भारत के लिए चिंता का सबब हो सकते हैं जिन्होंने कई बार धोनी और कोहली के विकेट लिए हैं।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं-
भारत : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायुडू, केदार जाधव, विजय शंकर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, ऋषभ पंत।
आस्ट्रेलिया : आरोन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, हैंडस्कांब, शान मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, स्टोइनिस, एश्टोन टर्नर, रिचर्डसन, जाम्पा, एंड्रयू टाय, पैट कमिंस, नाथन कूल्टर नाइल, एलेक्स कारे, लियोन, बेहरेनडोर्फ।