खेल डेस्क। आईसीसी वनडे विश्व कप शुरू होने में अभी एक महीने का समय बचा है, उससे पहले ही किसी न किसी कारण से खिलाडिय़ों का बाहर होने का सिलसिला शुरू हो गया है।इंग्लैंड के बल्लेबाज एलेक्स हेल्स 30 मई से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट से बाहर होने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने मैदान से बाहर की गतिविधियों के कारण एलेक्स हेल्स को सभी अंतरराष्ट्रीय टीमों से बाहर कर दिया।
आईपीएल-12 के अपने विदाई मैच में डेविड वार्नर ने बना डाला ऐसा रिकॉर्ड, जिसका टूटना है लगभग नामुमकिन
हेल्स को विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय इंग्लैंड टीम में जगह दी गई थी, लेकिन हाल के दिनों में यह बात सामने आई थी उन्हें ईसीबी की अनुशासन नीति के तहत दूसरी बार सजा दी गई है। बताया जा रहा है कि हेल्स को मनोरंजन के लिए ड्रग लेने के कारण प्रतिबंधित किया गया था।
हेल्स के एक प्रवक्ता ने भी इस बात की पुष्टि की कि नाटिंघमशर के इस बल्लेबाज को पिछले साल मैदान से बाहर की घटना के कारण निलंबित किया गया था। इससे पहले ईसीबी ने अपने बयान में कहा था कि एलेक्स हेल्स को अंतरराष्ट्रीय सत्र से पूर्व इंग्लैंड की सभी टीमों से बाहर कर दिया गया है। ईसीबी के इस फैसले से हेल्स अब आयरलैंड तथा पाकिस्तान के खिलाफ नहीं खेल पाएंगे। वहीं विश्व कप में टीम का हिस्सा नहीं बन पाएंगे। सीमित ओवर क्रिकेट के विशेषज्ञ हेल्स अब तक 11 टेस्ट, 70 वनडे और 60 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं।