खेल डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में अभी तक जिन खिलाडिय़ों ने अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता है उनमें एक प्रमुख नाम कोलकाता राइटराइडर्स के ऑलराउंडर आंद्रे रसेल का हैं। वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने गेंद और बल्ले दोनों से ही धमाकेदार प्रदर्शन किया है।उन्हीं के ऑलराउंडर प्रदर्शन की बदौलत दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली केकेआर आईपीएल-12 के अपने दोनों शुरुआत मैच जीतने में सफल रही थी।
रविवार को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ केकेआर के मैच में भी आंद्रे रसेल ने तूफानी अर्धशतकीय पारी खेली थी। इस मुकाबले में रसेल ने केवल 28 गेंदों पर ही 62 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान रसेल ने चार चौके और छह छक्के लगाए।
इसी दौरान उन्होंने आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर एक हजार रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। कैरेबियाई खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने इंडियन प्रीमियर लीग में केवल 548 गेंदों में ही 1000 रन का आंकड़ा छू लिया। रसेल ने अपने आईपीएल करियर की 42वीं पारी में ये उपलब्धि हासिल की। रसेल ने आईपीएल में 53 मैचों की 42 पारियों में 1049 रन बना लिए हैं।
आईपीएल-12 के तीन मैचों में अभी तक आंद्रे रसेल 159 रन बना चुके हैं। इस सत्र में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 62 रन की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली है। वह अभी तक इस सत्र में 15 छक्के और 11 चौके लगा चुके हैं। वह आईपीएल में कुल 83 छक्के लगा चुके हैं।गौरतलब है कि कोलकाता नाइट राइडर्स का विजय रथ रविवार को दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में जीत हासिल कर रोका था।