खेल डेस्क। इंग्लैंड ने भी इस साल अपनी धरती पर होने वाले आईसीसी वनडे विश्व कप के लिए प्रारंभिक टीम घोषित कर दी है। इस टीम में आईपीएल में शानदार प्रदर्शन कर रहे ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर को शामिल नहीं किया गया है। ये तूफानी गेंदबाज आईपीएल में पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेल रहा है।
हालांकि उनके पास अभी भी इंग्लैंड की विश्व कप टीम में शामिल होने का मौका होगा। इसके लिए उन्हें आयरलैंड और पाकिस्तान के खिलाफ अगले महीने होने वाले वनडे मैचों में शानदार प्रदर्शन करना होगा। क्रिकेट के इस महाकुंभ के लिए इंग्लैंड को अंतिम टीम की घोषणा करने के लिए 23 मई तक का समय दिया गया है।
गौरतलब है कि ऑलराउंडर जोफ्रा आर्चर के पिता इंग्लैंड के नागारिक हैं और उसके पास ब्रिटिश पासपोर्ट है। बारबाडोस के ऑलराउंडर आर्चर ने इसी साल 17 मार्च को तीन वर्ष की क्वालीफिकेशन अवधि पूरी कर ली है। आयरलैंड और पाकिस्तान अगले महीने होने वाली शृंखलाओं में शानदार प्रदर्शन कर कई खिलाडिय़ों के पास विश्व के लिए इंग्लैंड टीम में स्थान पुख्ता करने का मौका होगा।
अगर आर्चर इंग्लैंड की विश्व कप टीम में जगह बनाने में सफल रहे तो यह उनके लिए बड़ी बात होगा, क्योंकि अभी तक उन्होंने अपनी राष्ट्रीय टीम की ओर से एक भी मैच नहीं खेला है।
विश्व कप के लिए इंग्लैंड की प्रारंभिक टीम : ईयोन मोर्गन, जोस बटलर, मोईन अली, जॉनी बेयरस्टा, टॉम कुरेन, जो डेनले, एलेक्स हेल्स, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, जो रूट, जैसन राय, बेन स्टोक्स, डेविड विले, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।