Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कोलकाता की जीत ने जबरदस्त आत्मविश्वास दिया: श्रेयस अय्यर

हैदराबाद
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा है कि कोलकाता नाईट राइडर्स के खिलाफ ईडन गार्डन में मिली जीत ने उनकी टीम को जबरदस्त आत्मविश्वास दिया है। अय्यर ने रविवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने आईपीएल मुकाबले की पूर्वसंध्या पर कहा कि हम अपने पहले सात मैचों से आठ अंक जुटा चुके हैं और अब हमारी नजरें सत्र में पांचवीं जीत हासिल करने पर लगी हुई हैं। दिल्ली ने शुक्रवार को गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता को उसी के घर में सात विकेट से पराजित किया था। अय्यर ने कहा कि इस जीत से टीम को जो लय मिली है उसके दम पर हम हैदराबाद को भी हरा सकते हैं। कप्तान ने कहा कि कोलकाता की जीत ने हमें अगले मैच के लिए जबरदस्त आत्मविश्वास दिया है। हमने कोलकाता जैसी मजबूत टीम के खिलाफ खेल के हर विभाग में शानदार प्रदर्शन किया। मुझे लगता है कि हर खिलाड़ी ने अपनी जिम्मेदारी को निभाया और हर मैच के साथ-साथ हमारी सोच सकारात्मक होती जा रही और हमारा तालमेल बढ़ रहा है जो एक टीम के रूप में जरूरी है।

हैदराबाद से दिल्ली में मिली हार और उसके किसी प्रभाव के बारे में पूछे जाने पर अय्यर ने कहा कि टीम उस परिणाम के बाद काफी आगे बढ़ चुकी है। हैदराबाद एक अच्छी टीम है और उसके पास कई शानदार खिलाड़ी हैं। हालांकि हम दिल्ली में उनसे हार गए थे लेकिन हम उस परिणाम से आगे बढ़ चुके हैं और खेल के सभी विभागों में हमने सुधार किया है। सभी खिलाड़ी अब अपनी भूमिका को बेहतर ढंग से समझते हैं और इस बात को उन्होंने पिछले मैचों में साबित किया है। हम इस मैच में ऊंचे मनोबल और दो अंकों के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। दिल्ली के कप्तान ने कहा कि इस मैच में दिल्ली के मुकाबले हैदराबाद की टीम ज्यादा दबाव में होगी क्योंकि वह अपने घरेलू दर्शकों के सामने खेलेगी। हैदराबाद पर दो अंक हासिल करने का ज्यादा दबाव होगा। लेकिन हमारा सारा ध्यान अपनी टीम पर है और पिछले दो अच्छे परिणामों ने टीम को मजबूत किया है। हम इस लय को आगे के मैचों में भी बरकरार रखेंगे।