खेल डेस्क। भले ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को इंडियन प्रीमियर लीग के 12 संस्करण में शुक्रवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन इस बड़े स्कोर वाले मुकाबले में उसके कप्तान विराट कोहली ने दो बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवा ली है।
विराट कोहली ने इस मुकाबले में 84 रन की तूफानी पारी खेली। इसके साथ ही वह टी-20 में आठ हजार रन पूरे करने के साथ ही आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
विराट कोहली ने 49 गेंदों पर 84 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी के दौरान उन्होंने नौ चौके और दो छक्के लगाए। विराट के अब टी-20 क्रिकेट के 257 मैचों में 8067 रन हो गए हैं। इसके साथ ही वह बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना के बाद टी-20 क्रिकेट में ये उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय क्रिकेटर बन गए। सुरेश रैना के टी-20 क्रिकेट के 306 मैचों में 8110 रन है।
इस पारी के माध्यम से विराट कोहली आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। इस मामले में कोहली ने सुरेश रैना का कीर्तिमान ध्वस्त किया। विराट कोहली के आईपीएल के 168 मैचों में 5110 रन हो गए हैं।
जबकि सुरेश रैना ने 180 मैचों में 5086 रन बनाए हैं। विराट कोहली के आईपीएल में चार और सुरेश रैना के नाम एक शतक दर्ज है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को आईपीएल-12 में लगातार पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है। शुक्रवार को उसे केकेआर के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा।