Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

धोनी के इस ‘फैनब्वॉय’ ने लगाया हेलिकॉप्टर शॉट, लेकिन बनते-बनते रह गया रिकॉर्ड

 
कोलकाता, 

युवा रियान पराग और जोफ्रा आर्चर की विषम परिस्थितियों में उम्दा पारियों की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 3 विकेट से हराकर प्ले ऑफ की उम्मीदों को जीवंत रखा. मौजूदा आईपीएल में केकेआर की यह लगातार छठी हार है.

केकेआर के 176 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल्स ने पराग (31 गेंदों में 47 रन, पांच चौके, दो छक्के) और आर्चर (12 गेंदों में नाबाद 27, दो चौके, दो छक्के) के बीच सातवें विकेट की 44 रनों की साझेदारी की बदौलत 19.2 ओवर में 7 विकेट पर 177 रन बनाकर जीत दर्ज की.

रॉयल्स को अंतिम दो ओवरों में 18 रनों की जरूरत थी. पराग ने रसेल पर छक्के के साथ रॉयल्स का पलड़ा भारी किया. वह हालांकि अगली गेंद को पुल करने की कोशिश में विकेट पर बल्ला मारकर हिट विकेट हो गए. उन्होंने 31 गेंदों में 47 रनों की अपनी पारी में पांच चौके और दो छक्के मारे.
 
इसके साथ ही असम के 17 साल के रियान पराग महज 3 रनों से अर्धशतक पूरा करने से चूक गए. उन्होंने 3 रन और बना लिये होते तो आईपीएल के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक जमाने वाले क्रिकेटर बन जाते. इससे पहले 20 अप्रैल को वह 7 रनों से यह रिकॉर्ड बनाने से वंचित रहे थे.

रियान पराग गुरुवार को मैच वाले दिन 17 साल 166 दिनों के थे. आईपीएल की बात करें, तो संजू सैमसन (2013) और पृथ्वी शॉ (2018) के नाम संयुक्त रूप से सबसे कम उम्र (18 साल 169 दिन) में अर्धशतक लगाने का कीर्तिमान है. यानी मौजूदा सीजन में 4 मैच खेल चुके रियान आने वाले मैचों में अगर अर्धशतक जमाने में कामयाब रहे, तो वह संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ को पीछे छोड़ देंगे.