इंटननेट डेस्क। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज और पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार गौतम गंभीर पर दो मतदाता कार्ड होने का आरोप लगा है।आम चुनाव में पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार आतिशी ने गौतम गंभीर पर ये आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने गंभीर के खिलाफ आपराधिक शिकायत भी दर्ज कराई है।
आप उम्मीदवार आतिशी ने इस बात की जानकारी सोशल मीडिया पर देते हुए कहा कि गौतम गंभीर का नाम करोल बाग और राजेन्द्र नगर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता के तौर पर दर्ज है।
पूर्वी दिल्ली से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार आतिशी ने कहा कि जन प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 17 के अनुसार, दो विधानसभा क्षेत्रों से कोई व्यक्ति मतदाता नहीं हो सकता। इस अधिनियम में प्रावधान है कि वोटिंग लिस्ट में नाम के बारे में गलत तथ्य देने पर एक साल तक की सजा हो सकती है।
आतिशी ने कहा कि अपना नामांकन दाखिल करने के समय भी गौतम गंभीर ने निर्वाचन अधिकारी को दिए गए शपथ पत्र में भी इस प्रकार की जानकारी छिपाई है। आप उम्मीदवार आतिशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट के मतदाताओं से अपील की है कि वे गौतम गंभीर के पक्ष में मतदान कर अपना वोट बर्बाद न करें, क्योंकि दो वोटिंग आईडी होने के कारण आज नहीं तो कल उनका चुनाव रद्द होना है।
गौरतलब है कि गौतम गंभीर ने हाल ही भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता हासिल की थी। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से गंभीर को अपना उम्मीदवार बनाया है।