इंटरनेट डेस्क। भले ही दिल्ली कैपिटल्स को अपने घरेलू फिरोज शाह कोटला मैदान पर गुरुवार रात तीन बार की चैम्पियन मुंबई इंडियसं के खिलाफ 40 रन से हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन उसके एक स्पिन गेंदबाज ने आईपीएल में एक रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा लिया है।
इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में मुम्बई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स के स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा ने इस भारतीय टूर्नामेंट में 150 विकेट पूरे कर लिए हैं।
वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय और श्रीलंका के लसिथ मलिंगा के बाद दूसरे गेंदबाज बन गए हैं। अमित मिश्रा ने गुरुवार को मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को बोल्ड का ये विशेष उपलब्धि अपने नाम दर्ज करवाई। अमित मिश्रा ने रोहित शर्मा को पहली ही गेंद पर पवेलियन की राह दिखाई। उन्होंने इस मैच में 3 ओवर में 18 रन पर एक विकेट हासिल किया। अमित मिश्रा ने 140 मैच में 24.18 की औसत से 150 विकेट हासिल किए हैं। उनका आईपीएल में 17 रन पर 5 विकेट बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन रहा है।
उन्होंने एक पारी में तीन बार चार और एक बार पांच विकेट हासिल किए हैं। आईपीएल में सर्वाधिक विकेट लेने वाले दूसरे भारतीय गेंदबाज पीयूष चावला हैं। उन्होंने 152 आईपीएल मैचों में 146 विकेट हासिल किए हैं। वहीं आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के गेंदबाज लसिथ मलिंगा के नाम दर्ज है। श्रीलंका के मलिंगा ने 115 मैचों में 162 विकेट लिए हैं।
मैच में मुंबई इंडियंस ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 168 रन बनाए। इसके जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर केवल 128 रन ही बना पाई।