Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

बारिश ने तोड़ा राजस्थान रॉयल्स का सपना, हैट्रिक के साथ गोपाल ने बनाया ये रिकॉर्ड

खेल डेस्क। पहले संस्करण की चैम्पियन राजस्थान रॉयल्स का भले ही आईपीएल-12 के प्लेऑफ में पहुंचने का सपना लगभग टूट गया हो, लेकिन उसके लेग स्पिनर श्रेयस गोपाल (12 रन पर तीन विकेट) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेल गए वर्षा से प्रभावित मुकाबले में अपने नाम उपलब्धियां दर्ज करवाने में सफल हुए हैं। बारिश के कारण मैच रद्द होने के कारण दोनों टीमों को एक-एक अंक दिया गया।

बारिश के कारण पांच ओवरों के मुकाबले में बेंगलुरु ने सात विकेट पर 62 रन बनाए। इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स 3.2 ओवर में एक विकेट पर 41 रन ही बनाए थे कि फिर तेज बारिश के कारण मैच को रद्द करना पड़ा।

राजस्थान के स्पिन गेंदबाज श्रेयस गोपाल ने मैच के दूसरे ही ओर में हैट्रिक बनाकर उपलब्धि हासिल की। इस ओवर की चौथी गेंद पर गोपाल ने विराट कोहली को लियाम लिविंगस्टोन के हाथों कैच करवाया। गोपाल ने अगली गेंद पर डिविलियर्स को पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद ओवर की आखिरी गेंद पर गोपाल ने मार्कस स्टॉयनिस को कप्तान स्टीवन स्मिथ के हाथों कैच कराकर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली।

इसके साथ ही श्रेयस गोपाल राजस्थान की ओर से हैट्रिक लेने वाले चौथे गेंदबाज बन गए। उनसे पहले ये राजस्थान रॉयल्स की ओर से 2012 में अंकित चंदेला , 2014 में प्रवीण तांबे और 2014 में शेन वाटसन ने हैट्रिक बनाई थी। वहीं गोपाल आईपीएल में पहले ऐसे गेंदबाज बन गए जिसने विराट और एबी को एक ही मैच में तीन अलग-अलग मौकों पर आउट किया।

श्रेयस गोपाल इस प्रदर्शन के साथ ही इस सत्र में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाडिय़ों की सूची में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। वह अब तक 13 मैचों में 18 विकेट हासिल कर चुके हैं। इस सूची में पहले स्थान पर 12 मैचों में 25 विकटों के साथ दिल्ली कैपिटल्स के कगिसो रबाडा हैं।