Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IPL में ये उपलब्धि हासिल करने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बने रियान पराग

खेल डेस्क। भले ही इंडियन प्रीमियर लीग के 12वें संस्करण में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार के साथ ही राजस्थान रॉयल्स का प्ले ऑफ में पहुंचने का सपना टूट गया हो, लेकिन शनिवार को खेले गए इस मुकाबले में उसके एक युवा बल्लेबाज ने अपने नाम रिकॉर्ड दर्ज करवा लिया है।

आईपीएल के 12वें संस्करण के 53वें मैच में राजस्थान रॉयल्स की ओर से असम के 17 साल के रियान पराग ने अर्धशतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत ही राजस्थान रॉयल्स इस मुकाबले में 100 रन का आंकड़ा पार करने में सफल रही थी। इस मुकाबले में अर्धशतकीय पारी खेल पराग ने अपने नाम एक उपलब्धि दर्ज करवाई।

वह आईपीएल में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने संजू सैमसन और पृथ्वी शॉ का संयुक्त रिकॉर्ड ध्वस्त किया। राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग (50 रन) ने 17 साल 175 दिन की उम्र में आईपीएल का अपना पहला अर्धशतक लगाया। 49 गेंदों पर खेली गई इस अर्धशतकीय पारी के दौरान पराग ने चार चौके और दो छक्के लगाए।

इससे पहले संजू सैमसन (2013) और पृथ्वी शॉ (2018) ने संयुक्त रूप से (18 साल 169 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। आईपीएल में भारत के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (2016) 18 साल 212 दिन और शुभमन गिल (2018) 18 साल 237 दिन की उम्र में अर्धशतक लगा चुके हैं।राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को 20 लाख रुपए में खरीदा है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 11 अप्रैल को जयपुर में पराग ने अपना पहला इंडियन प्रीमियर लीग मैच खेला था।