Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

जोकोविच का सपना तोड़ थिएम फाइनल में

पेरिस
आॅस्ट्रिया के डोमिनिक थिएम ने जबरदस्त उतार चढ़ाव से भरे रोमांचक मुकाबले में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को शनिवार को 6-2, 3-6, 7-5, 5-7, 7-5 से हराकर वर्ष के दूसरे    ग्रैंड स्लेम फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उनका मुकाबला गत चैंपियन स्पेन के राफेल नडाल से रविवार को होगा। चौथी सीड थिएम ने टॉप सीड जोकोविच को चार घंटे 13 मिनट के रोमांचक संघर्ष में हराकर सर्बियाई खिलाड़ी का दूसरी बार नोवाक स्लेम पूरा करने का सपना तोड़ दिया। वर्षा से बाधित यह मुकाबला दो दिन में समाप्त हुआ। गत उप विजेता थिएम लगातार दूसरे वर्ष फाइनल में नडाल से मुकाबला करेंगे। जोकोविच और थिएम के बीच दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कल बारिश के कारण एक घंटे 28 मिनट के खेल के बाद रोकना पड़ा था। खेल रुकने के समय थिएम 6-2, 3-6, 3-1 से आगे थे। आज जब खेल शुरु हुआ तो थिएम ने तीसरा सेट जीत लिया लेकिन सर्बियाई खिलाड़ी ने वापसी करते हुए चौथा सेट जीत लिया। पांचवें सेट में थिएम 4-1 से आगे थे और जोकोविच 40-40 के स्कोर पर सर्विस कर रहे थे कि फिर बारिश आने के कारण खेल रोक देना पड़ा।

बारिश थमने के बाद खेल शुरु हुआ और जोकोविच ने वापसी करने की पूरी कोशिश की लेकिन थिएम ने निर्णायक सेट जीत लिया। इस हार के साथ जोकोविच का अपने करियर में दूसरी बार नोवाक स्लेम पूरा करने का सपना टूट गया। जोकोविच गत वर्ष विंबलडन और यूएस ओपन तथा इस वर्ष आॅस्ट्रेलियन ओपन जीतकर फ्रेंच ओपन में उतरे थे और उनकी नजरें दूसरी बार नोवाक स्लेम पूरा करने पर थी। लेकिन थिएम ने पांच सेटों की जीत के साथ जोकोविच का ग्रैंड स्लेम में लगातार 26 मैच जीतने का अभियान रोका और खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। थिएम इस तरह दो ग्रैंड स्लेम फाइनल में पहुंचने वाले आॅस्ट्रिया के पहले खिलाड़ी बन गए। आॅस्ट्रिया के थामस मस्टर ने यहां 1995 में खिताब जीता था।