लाइव सिटीज, सेंट्रल डेस्क : आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप की शुरुआत हो गई है. भारतीय क्रिकेट टीम आज अफगानिस्तान से भिड़ेंगी. भारत चार मैच में से तीन मैच जीतकर अंकतालिका में चौथे स्थान पर है. एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था. अगर भारत आज का मैच जीत जाता है तो करीब-करीब सेमीफाइनल में जगह बना सकता है. आज के मैच के बाद भारत और चार मैच खेलेगा.
भारतीय टीम विश्व कप में अपना नेट रन रेट बेहतर करने के लिये लगातार हार से त्रस्त अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार को यहां होने वाले मैच में बड़ी जीत हासिल करने की कोशिश करेगी. खिताब के प्रबल दावेदार भारत का अफगानिस्तान के खिलाफ मैच एकतरफा होने की संभावना लग रही है जिसमें भारतीय बल्लेबाज मौका मिलने पर कुछ नये रिकार्ड स्थापित कर सकते हैं. इस मैच में बड़ी जीत से भारत की सेमीफाइनल की राह अधिक आसान हो जाएगी.
अफगानिस्तान का विवादास्पद अभियान मैदान के अंदर और बाहर के गलत फैसलों के कारण बेहद खराब रहा है. अब उनका सामना स्टार क्रिकेटरों से सजी टीम से है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
भारत ऐसी टीम रही जिसे शुरू में ही कड़े मुकाबलों का सामना करना पड़ा तथा दक्षिण अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान पर जीत के बाद अब विराट कोहली की टीम अजेय नजर आ रही है. सलामी बल्लेबाज शिखर धवन, तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और आलराउंडर विजय शंकर के चोटिल होने के बावजूद भारत ने दबदबा बनाये रखा.
आस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक जड़ने के बाद अंगूठे की चोट के कारण धवन का बाहर होना भारत के लिये बड़ा झटका था लेकिन केएल राहुल ने पाकिस्तान के खिलाफ शीर्ष क्रम में अच्छा प्रदर्शन करके उनकी खास कमी नहीं खलने दी. रोहित शर्मा अपनी शानदार फार्म में हैं और अगर भारत को पहले बल्लेबाजी का मौका मिलता है तो वह एक और दोहरा शतक जमाने की कोशिश करेंगे.
अफगानिस्तान का आक्रमण अभी कमजोर नजर आ रहा है और उसका मुख्य गेंदबाज राशिद खान फार्म में नहीं हैं. कप्तान कोहली ने आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के खिलाफ आसानी से अर्धशतक जमाये हैं. शंकर की चोट टीम के लिये चिंता का विषय हो सकती है लेकिन युवा ऋषभ पंत के आने से टीम को नया आयाम मिला है जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.
The post CWC 2019 : भारत और अफगानिस्तान के बीच मैच आज, 3 बजे से होगा शुरू appeared first on Live Cities.