Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टेबल टेनिस : हरमीत और अहिका ने जीता गोल्ड, भारत के नाम 15 पदक

 कटक
 
हरमीत देसाई और अहिका मुखर्जी ने सोमवार को 21वीं राष्ट्रमंडल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पुरुष और महिला एकल खिताब जीत लिए। इससे भारत टूर्नामेंट में दांव पर लगे सातों स्वर्ण पदक जीतकर क्लीन स्वीप करने में सफल रहा। 

फाइनल में हारे साथियान : हरमीत ने पुरुष एकल में हमवतन जी साथियान को बेहद संघर्षपूर्ण फाइनल में 4-3 से हराया। शुरू में 0-2 से पिछड़ने के बाद हरमीत ने शानदार वापसी की और सात गेम तक चले मैच को अपने नाम किया। महिला एकल में अहिका ने पूर्व राष्ट्रीय चैंपियन मधुरिका पाटकर को 4-0 से हराकर चैंपियनशिप में पहला स्वर्ण पदक जीता। 

एंथनी अमलराज और मानव ठक्कर ने पुरुष युगल में साथियान-शरत कमल की शीर्ष वरीय जोड़ी को 3-1 से हरा सोने का तमगा जीता। महिला युगल खिताब पूजा सहस्त्रबुद्धे-कृत्विका सिन्हा राय ने जीता। उन्होंने फाइनल में हमवतन श्रीजा अकुला-मौसमी पॉल को 3-1 से हराया। भारतीयों के दबदबे का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आखिरी दिन फाइनल में सभी भारतीय थे। 

कुल 15 पदक जीते : भारत ने इस तरह से प्रतियोगिता में सात स्वर्ण, पांच रजत और तीन कांस्य समेत कुल 15 पदक जीते। इंग्लैंड दो रजत और तीन कांस्य लेकर दूसरे तथा सिंगापुर (छह कांस्य) तीसरे स्थान पर रहा। मलेशिया और नाईजीरिया ने एक-एक कांस्य जीता। भारत का किसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में यह अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

कुछ ऐसा रहा स्कोर 
महिला एकल फाइनल में अहिका मुखर्जी ने हमवतन मधुरिका पाटकर को 11-6, 11-4, 11-9, 19-17 से हराकर पहली बार इस प्रतियोगिता में स्वर्ण जीता। एंथनी अमलराज और मानव ठक्कर ने शीर्ष वरीय सत्यन और अचंत शरत कमल को  8-11, 11-6, 13-11, 12-10 से पराजित कर पुरुष युगल का खिताब जीता।
  
महिला युगल में पूजा सहस्रबुद्धे और कृत्तविका सिन्हा रॉय ने हमवतन श्रीजा अकुला और मौसमी पॉल को 11-9, 11-8, 9-11, 12-10 से पराजित कर सोना अपने नाम किया। भारत ने इससे पहले दोनों टीम वर्ग और मिश्रित युगल के स्वर्ण जीते थे। सत्यन और अर्चना कामथ की जोड़ी ने कल सिंगापुर की जोड़ी पेंग यू इन कोएन और गोई रुई जुआन को 11-1, 11-7, 11-4 से हराकर मिश्रित युगल का स्वर्ण जीता था।