Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

श्रीलंका ने वेस्ट इंडीज को 23 रन से दी मात, टूर्नमेंट में लंका की तीसरी जीत

चेस्टर ली स्ट्रीट (डरहम)
युवा बल्लेबाज अविष्का फर्नांडो के करियर के पहले शतक के बाद विषम परिस्थितियों में गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से श्रीलंका ने निकोलस पूरन के शतक पर पानी फेरते हुए विश्व कप लीग मैच में सोमवार को यहां वेस्ट इंडीज को 23 रन से हरा दिया। श्रीलंका के 339 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट इंडीज की टीम निकोलस पूरन (118) के करियर के पहले शतक और फैबियान एलन (51) के साथ उनकी 7वें विकेट की 83 की साझेदारी के बावजूद 9 विकेट 315 रन ही बना सकी। अविष्का फर्नांडो को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

करियर का 9वां वनडे खेल रहे पूरन ने 103 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके और 4 छक्के मारे। उन्होंने कप्तान जेसन होल्डर (26) के साथ 5वें विकेट के लिए 61, जबकि कार्लोस ब्रेथवेट (8) के साथ छठे विकेट के लिए 54 रन की साझेदारी भी की। लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। श्रीलंका की ओर से लसिथ मलिंगा ने 55 रन देकर 3 विकेट चटकाए। श्रीलंका ने विश्व कप में तीसरा और करियर का 9वां एकदिवसीय मैच खेल रहे फर्नांडो की 103 गेंद में नौ चौकों और 2 छक्कों की मदद से 104 रन की पारी बदौलत 6 विकेट पर 338 रन बनाए थे जो मौजूदा टूर्नमेंट में उसका सर्वोच्च स्कोर है।

फर्नांडो ने श्रीलंका की पारी में एंकर की भूमिका निभाते हुए कुशाल मेंडिस (39) के साथ तीसरे विकेट की 85, एंजेलो मैथ्यूज (26) के साथ चौथे विकेट की 58 और लाहिरू थिरिमाने (33 गेंद में नाबाद 44) के साथ 5वें विकेट की 67 रन की साझेदारी की। सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (64) ने भी अर्धशतक जड़ा। वेस्ट इंडीज की ओर से होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 59 रन देकर 2 विकेट चटकाए। दोनों टीमें हालांकि पहले ही सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं इसलिए इस मैच का नतीजा अधिक मायने नहीं रखता।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेस्ट इंडीज की शुरुआत खराब रही और टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। टीम 84 रन तक ही 4 विकेट गंवाकर संकट में घिर गई। मलिंगा ने श्रीलंका को शानदार शुरुआत दिलाई। इस तेज गेंदबाज ने तीसरे ओवर में ही सुनील अंब्रिस (05) को विकेटकीपर परेरा के हाथों कैच कराया और फिर अगले ओवर में शाई होप (05) को बोल्ड किया। शिमरॉन हेटमेयर मलिंगा के अगले ओवर में भाग्यशाली रहे, जब स्लिप में मेंडिस ने उनका कैच टपका दिया।

सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल (35) और हेटमेयर (29) ने 12वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। गेल ने रजिता पर 2 छक्के मारे लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद को हवा में लहराकर जेफ्री वैंडरसे को कैच दे बैठे। हेटमेयर भी गैरजरूरी रन लेने को कोशिश में रन आउट हो गए, जिससे वेस्ट इंडीज ने चौथा विकेट गंवाया। होल्डर और पूरन ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने 21वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया। होल्डर और पूरन ने 5वें विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी की और जब लग रहा था कि दोनों वेस्ट इंडीज को मुश्किल से उबारने में सफल रहेंगे तब वैंडरसे की गेंद पर कप्तान मिड ऑन पर कैच दे बैठे।