Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

सायना दूसरे दौर में, आठवीं सीड समीर बाहर

बैंकाक
पीवी सिंधू के हट जाने के बाद थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत की खिताब की सबसे बड़ी उम्मीद सातवीं सीड सायना नेहवाल ने संघर्षपूर्ण जीत के साथ बुधवार को दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया जबकि आठवीं सीड समीर वर्मा पहले ही राउंड में हारकर बाहर हो गये। पांचवीं वरीयता प्राप्त भारत के किदाम्बी श्रीकांत और एच एस प्रणय ने दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया है। भारत के ही शुभकंर डे भाग्यशाली रहे जिन्हें विश्व के नंबर एक जापान के केंतो मोमोता के खिलाफ पहले राउंड में वॉकओवर मिल गया और उन्हें दूसरे दौर में जगह मिल गयी। चोट के कारण कुछ समय तक कोर्ट से बाहर रहने वाली सायना ने सफल वापसी करते हुये थाईलैंड की फिटायापोर्न चायवान को 39 मिनट में 21-17, 21-19 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया जहां उनका मुकाबला जापान की सयाका ताकाहाशी से होगा। विश्व रैंकिंग में आठवें नंबर की सायना का ताकाहाशी के खिलाफ 4-0 का करियर रिकार्ड है। दोनों के बीच आखिरी भिड़ंत 2015 की विश्व चैंपियनशिप में हुई थी।

पुरूषों में आठवीं सीड समीर वर्मा को मलेशिया के ली जी जिया ने 52 मिनट के कड़े संघर्ष में 21-23, 21-11, 21-5 से हरा दिया। विश्व में 10वीं रैंकिंग के खिलाड़ी श्रीकांत को अपने से काफी निचली 96वीं रैंकिंग के चीनी खिलाड़ी रेंग पेंग बो से एक घंटे आठ मिनट तक 21-13, 17-21, 21-19 से संघर्ष करने के बाद जाकर पहले दौर में जीत मिली। टूर्नामेंट में पांचवीं वरीय श्रीकांत का बो के खिलाफ करियर में यह पहला मुकाबला था। वह दूसरे दौर में अब थाईलैंड के खोसित फेतप्रदब से भिड़ेंगे जिन्हें इस वर्ष उन्होंने मलेशिया ओपन में भी हराया था।