Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

US ओपन चैंपियन बने राफेल नडाल, जीता 19वां ग्रैंडस्लैम

न्यू यॉर्क
स्पेनिश स्टार राफेल नडाल ने रूस के दानिल मेदवेदेव को कड़े फाइनल मुकाबले में हराकर यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। करीब 5 घंटे तक चले मुकाबले में नडाल ने मेदवेदेव को 7-5, 6-3, 5-7, 4-6, 6-4 से शिकस्त देकर अपने करियर का 19वां ग्रैंडस्लैम खिताब अपनी झोली में डाला। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी नडाल को पांचवें वरीय दानिल मेदवेदेव के खिलाफ जीतने के लिए कड़ा संघर्ष करना पड़ा।

यह खिताब जीतने के बाद नडाल स्विस स्टार रोजर फेडरर के सर्वकालिक पुरुष रेकॉर्ड से महज एक ट्रोफी दूर रह गए हैं। उन्होंने सत्र के शुरू में कूल्हे की चोट के बाद वापसी करते हुए 12वां फ्रेंच ओपन खिताब हासिल किया था और अब चौथा यूएस ओपन खिताब अपने नाम किया है।
नडाल अब फेडरर, पीट सम्प्रास और जिमी कोनोर्स के यूएस ओपन के रेकॉर्ड से महज एक खिताब पीछे हैं जिन्होंने यहां 5 ट्रोफियां हासिल की हैं। मेदवेदेव 23 साल की उम्र में पहली बार ग्रैंडस्लैम फाइनल में पहुंचे थे और पिछले छह हफ्तों में काफी अच्छा (मैचों में जीत का रेकॉर्ड 20-2) खेल रहे हैं जिसमें वॉशिंगटन और कनाडा में उप विजेता रहना और सिनसिनाटी में खिताब जीतना तथा यहां अमेरिकी ओपन में फाइनल तक पहुंचना शामिल है।