Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

क्रिकेट से 30 लाख रुपये कमाना चाहते थे धोनी, जिससे रांची में आराम से जिंदगी बिता सकें: वसीम जाफर

नई दिल्ली 
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लगभग आठ महीने तक दूर रहने के बावजूद महेंद्र सिंह धोनी दुनियाभर के सबसे लोकप्रिय क्रिकेटरों में से एक हैं। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान धोनी हालांकि एक समय क्रिकेट से 30 लाख रुपये कमाकर रांची में सेट होना चाहते थे। यह जानकारी पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने सोशल मीडिया पर दी है। अपनी कप्तानी में 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड कप दिलाने वाले धोनी के फैंस की कमी नहीं है और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में उनके चाहने वाले मौजूद हैं। जब उन्होंने दिसंबर 2004 में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की, तो शायद उन्होंने सोचा नहीं था कि वह इस खेल के सबसे सफल क्रिकेटरों में से एक बन जाएंगे। 

कई खिलाड़ी जो छोटे शहरों से आते हैं, उनकी तरह धोनी की भी न्यूनतम महत्वाकांक्षाएं थीं। पूर्व भारतीय ओपनर वसीम जाफर, जिन्होंने अपने शुरुआती दिनों के दौरान धोनी के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था, ने बताया कि वह क्रिकेट खेलने से 30 लाख रुपये कमाना चाहते थे। इस महीने की शुरुआत में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने वाले जाफर ने ट्विटर पर अपने फैंस के साथ बातचीत में यह बात लिखी। एक फैन ने पूछा कि धोनी के साथ उनकी सबसे पसंदीदा याद बताएं तो उन्होंने लिखा, 'जब उन्हें भारत के लिए खेलते हुए 1-2 साल ही हुए थे, तो मुझे याद है कि उन्होंने कहा था- मैं क्रिकेट खेलने से 30 लाख रुपये कमाना चाहता हूं ताकि आराम से रांची में अपनी बाकी जिंदगी बिता सकूं।' पिछले साल जुलाई में वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में भारत के लिए आखिरी बार खेलने वाले धोनी आईपीएल के 13वें सीजन से मैदान पर वापसी करने वाले थे लेकिन फिलहाल इस प्रतिष्ठित लीग को कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के कारण 15 अप्रैल तक स्थगित किया गया है।