Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

फिक्सिंग के मामले में पूर्व कप्तान संगकारा से 10 घंटे तक पूछताछ

कोलंबो

श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने  विशेष जांच समिति को 10 घंटे तक बयान दर्ज कराए. देश के पूर्व खेल मंत्री के इन आरोपों की जांच कर रही है कि भारत के खिलाफ टीम का 2011 वर्ल्ड कप फाइनल ‘कुछ पक्षों’ ने फिक्स किया था. पूर्व खेल मंत्री महिंदानंदा अलुथगमगे ने आरोप लगाए थे कि दो अप्रैल 2011 को खेला गया फाइनल फिक्स था.

उन्होंने हालांकि इसके संदर्भ में कोई ठोस सबूत नहीं दिए. इसके बाद श्रीलंका के खेल मंत्रालय ने जांच शुरू की. ‘न्यूजवायर.एलके’ के अनुसार विश्व कप 2011 फाइनल में श्रीलंका की कप्तानी करने वाले संगकारा ने 10 घंटे से अधिक समय तक अपना बयान दर्ज कराया. हालांकि उन्होंने क्या बयान दिया इसकी जानकारी नहीं मिली है. दूसरी तरफ, बताया जाता है कि इससे फैंस नाराज हुए और विरोध प्रदर्शन किया.

वेबसाइट के अनुसार, ‘श्रीलंका के पूर्व कप्तान कुमार संगकारा ने खेल मंत्रालय के विशेष पुलिस जांच विभाग में लगभग 10 घंटे तक बयान दर्ज कराए.’ वेबसाइट के अनुसार इस दौरान युवाओं की पार्टी समागी थारुना बालावेगाया के सदस्य श्रीलंका क्रिकेट के कार्यालय के बाहर पोस्टर लेकर एकत्रित हुए और आरोप लगाने लगे कि इस दिग्गज क्रिकेटर को अधिकारी प्रताड़ित कर रहे हैं.