
इंटरनेट डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के चेयरमैन ब्रिजेश पटेल ने घोषणा कर दी है कि इस बार आईपीएल के 13वें संस्करण का आयोजन यूएई में किया जाएगा। अब उम्मीद की जा रही है कि इस साल आईपीएल सितंबर के आखिरी सप्ताह में शुरू हो सकता है। हालांकि आईपीएल से पहले भारतीय टीम को इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना पड़ सकता है। बीसीसीआई पर इस प्रकार का दबाव डाला जा रहा है।
दुनिया में फैले कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण कई क्रिकेट सीरीज रद्द कर दी गई, जिसमें भारत टीम को भाग लेना था। खबरों के अनुसार, अब बीसीसीआई पर दवाब बनाया जा रहा है कि इस साल आइपीएल के आयोजन से पहले भारतीय क्रिकेट टीम कोई क्रिकेट सीरीज खेले। इसके लिए दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीरीज का नाम सबसे ऊपर चल रहा है।
मार्च में जब भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही एक दिवसीय क्रिकेट सीरीज स्थगित की गई तब यह निर्णय किया गया था कि अगस्त में दोनों टीमें तीन टी-20 मैच खेलेगी।
वैसे भी अब अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट की शुरुआत हो चुकी है। कोरोना संक्रमण फैलने के बाद पहला अन्तरराष्ट्रीय मैच इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा चुका है। दोनों टीमें अभी तक दो टेस्ट मैच खेल चुकी है।