
खेल डेस्क। वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज सर गैरी सोबर्स का आज जन्मदिन है। उनका जन्म आज ही के दिन यानी 28 जुलाई, 1936 को बारबाडोस में हुआ था। विजडन के सदी (20वीं शताब्दी) के पांच सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर्स में शुमार सर गैरी सोबर्स के बारे में आज हम आपको ऐसी जानकारियां देने जा रहे हैं जिनके बारे में शायद ही आपको पता हो।
सर गैरी सोबर्स के दोनों हाथों में जन्म से ही एक-एक उंगली ज्यादा थी यानी उनके दोनों हाथों में कुल 12 उंगलियां थी। गैरी सोबर्स ने केवल 21 साल की उम्र में अपने पहले ही शतक को तिहरे शतक में बदल दिया था। वेस्टइंडीज के इस महान खिलाड़ी ने पाकिस्तान के खिलाफ किंग्सटन में नाबाद 365 रन बनाए थे, यह उस समय विश्व रिकॉर्ड था। हालांकि इसके 36 साल बाद उन्हीं की टीम के खिलाड़ी ब्रायन लारा ने यह रिकॉर्ड तोड़ा।
सोबर्स के नाम ही प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पहली बार 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने साल 1968 में इंग्लिश काउंटी में नॉटिंघमशायर की ओर से ग्लेमॉरगन के मैलकम नैश के ओवर की सभी 6 गेंदों पर 6 छक्के जड़े लगाए थे।