

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का इस साल संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में आयोजन होगा। इसे लेकर आईपीएल गवर्निंग काउंसिल (GC) की शनिवार को टेलिकॉन्फ्रेंस के जरिए मीटिंग होगी। तीन दिन (शनिवार, रविवार और सोमवार) चलने वाली इस मीटिंग में इस लीग के सभी प्रमुख हिस्सेदार (फ्रैंचाइजी मालिक, ब्रॉडकास्टर और सेंट्रल स्पॉन्सर्स) शामिल होंगे। योजना के अनुसार बीसीसीआई के सेंट्रल रेवेन्यू पूल के वितरण में कोई बदलाव नहीं होगा। आईपीएल के सभी 60 मैच 51 दिनों में खेले जाएंगे। बोर्ड ने कहा है कि इस बार आईपीएल में गेट मनी पर ध्यान नहीं दिया जाएगा। अगर इस बार आईपीएल नहीं होता तो फ्रैंचाइजी को किसी भी तरह की आय नहीं होती। यह संभावना है कि आईपीएल का आयोजन दर्शकों के बिना किया जाए।

आपको बता दे की सभी फ्रैंचाइजीज को यूएई में अपनी यात्रा का प्रबंध खुद ही करना होगा। बीसीसीआई यूएई के होटलों से डिस्काउंट रेट को लेकर बात करेगा और फ्रैंचाइजी को इसकी जानकारी देगा। यह फ्रैंचाइजी पर निर्भर करेगा कि वह बीसीसीआई की तरफ से दिए गए विकल्पों को चुने या अपना प्रबंध खुद करे। इसके अलावा फ्रैंचाइजी को अपने खिलाड़ियों को यूएई ले जाने और वहां से वापस लाने का प्रबंध भी खुद ही करना होगा।

सभी फ्रैंचाइजीज को मेडिकल टीम का प्रबंध भी खुद ही करना होगा और बीसीसीआई केवल सेंट्रल मेडिकल टीम का प्रबंध करेगी। एक बार खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के यूएई पहुंचने पर उनके टेस्ट कराने की जिम्मेदारी भी फ्रैंचाइजी पर ही होगी। इस दौरान फ्रैंचाइजी बीसीसीआई की मेडिकल टीम के साथ हमेशा संपर्क में रहेंगे। प्रत्येक फ्रैंचाइजी की मेडिकल टीम केा अपनी टीम के साथ सिक्यॉरिटी बबल में ही रहना होगा।
Herald