
नयी दिल्ली। देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित हो चुकी महिला पहलवान साक्षी मलिक तथा महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू का नाम अर्जुन पुरस्कारों की सूची से कट गया है जबकि 27 खिलाड़यिों को 29 अगस्त को खेल दिवस के दिन राष्ट्रपति भवन से वर्चुअल समारोह के जरिये अर्जुन अवार्ड से नवाजा जाएगा।
खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय अवार्ड समिति ने अर्जुन पुरस्कार के लिए 29 खिलाडिय़ों के नामों की सिफारिश की है जिन पर अंतिम फैसला केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू को लेना था। खेल मंत्री ने इस सूची से साक्षी और चानू का नाम बाहर कर दिया जिन्हें पहले ही देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न दिया जा चुका है।
साक्षी को 2016 में रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने के बाद खेल रत्न प्रदान किया गया था जबकि विश्व चैंपियन बनने वाली भारोत्तोलक मीराबाई चानू को 2018 में भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली के साथ खेल रत्न दिया गया था। अर्जुन अवॉर्ड के लिए 215 खिलाड़यिों ने नाम भेजे थे। इस साल के अर्जुन अवॉर्ड के लिए जनवरी 2016 से दिसंबर 2019 तक के प्रदर्शन पर विचार किया गया।
अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर इशांत शर्मा, युवा निशानेबाज मनु भाकर और सौरभ चौधरी, तीरंदाज अतानु दास, बैडमिंटन जोड़ी चिराग शेट्टी और सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी, टेनिस खिलाड़ी दिविज शरण, फर्राटा एथलीट दुतीचंद, युवा गोल्फर अदिति अशोक , पहलवान राहुल अवारे और हॉकी खिलाड़ी आकाशदीप सिंह अर्जुन बनेंगे।
अर्जुन पुरस्कार के लिए सिफारिश किये गए नामों की सूची इस प्रकार है: इशांत शर्मा (क्रिकेट), मनु भाकर (निशानेबाजी), सौरभ चौधरी (निशानेबाजी), दुती चंद (एथलेटिक्स), दीपिका ठाकुर (हॉकी), अतानु दास (तीरंदाजी), दीपक हुड्डा (कबड्डी), दिविज शरण (टेनिस), चिराग शेट्टी (बैडमिंटन), सात्विकसैराज रेंकीरेड्डी (बैडमिंटन), दत्तु भोकानल (रोइंग), लवलीना बोर्गोहेन (मुक्केबाजी), आकाशदीप सिंह (हॉकी), दीप्ति शर्मा (क्रिकेट), मनीष कौशिक (मुक्केबाजी), राहुल अवारे (कुश्ती), दिव्या काकरान (कुश्ती), मधुलिका पाटकर (टेबल टेनिस), विशेष भृगुवंशी (बास्केटबॉल), सावंत अजय अनंत (घुड़सवारी), सन्देश भझगन (फुटबॉल), अदिति अशोक (गोल्फ), काले सारिका सुधाकर (खो-खो), शिवा केशवन (शीतकालीन खेल), सुयेश नारायण जाधव ( पैरा तैराकी), संदीप (पैरा एथलेटिक्स), मनीष नरवाल (पैरा निशानेबाजी) (एजेंसी)