

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन को लेकर आज बड़ी खबर सामने आने की उम्मीद है. 19 सितंबर से शुरू हो रहे आईपीएल के 13वें सीजन का शेड्यूल आज यानी शुक्रवार को जारी किया जाएगा. बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली ने गुरुवार को इस बात की जानकारी दी. पिछले हफ्ते सीएसके में कोविड 19 के मामले सामने आने की वजह से शेड्यूल में देरी हुई है. बीसीसीआइ ने आइपीएल के लिए 7 भारतीय कॉमेंटेटरों के नाम फाइनल कर लिए हैं, जबकि इस टीम में उस शख्स को शामिल नहीं किया गया है, जो काफी समय से बीसीसीआइ से कॉमेंट्री पैनल में शामिल किए जाने की गुहार लगा रहा था।

ये दिग्गज कोई और नहीं, बल्कि भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर हैं, जिनको बीसीसीआइ ने अपने कॉमेंट्री पैनल से निकाल दिया है। IPL की वर्ल्ड फीड ब्रॉडकास्ट के लिए बीसीसीआइ ने सुनील गावस्कर, लक्ष्मण शिवरामकृष्णन, मुरली कार्तिक, दीप दासगुप्ता, रोहन गावस्कर, हर्षा भोगले और अंजुम चोपड़ा का नाम फाइनल किया है।

इस कॉमेंट्री पैनल में महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर के साथ उनके बेटे रोहन गावस्कर भी बैठेंगे। इस टीम के दो सदस्य दीप दासगुप्ता और मुरली कार्तिक को सिर्फ अबू धाबी के मैचों के लिए चुना गया है, जबकि बाकी के कॉमेंटेटर दुबई और शारजाह के मैचों में कॉमेंट्री करेंगे।
Herald