नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली ने शनिवार से शुरू हो रही इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सत्र में तीन बार की चैम्पियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) को खिताब का दावेदार करार देते हुए कहा कि स्पिन विभाग में विविधता से टीम को यूएई की परिस्थितियों में फायदा होगा। भारत में कोविड-19 के मामलों के कारण आईपीएल का आयोजन यूएई में हो रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला गत चैम्पियन मुंबई इंडियन्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा।
ली ने 'स्टार स्पोर्ट्स' के कार्यक्रम 'गेम प्लान' में कहा, ''वे (सीएसके) काफी मजबूत टीम है। मैंने उनकी स्पिन आक्रमण के कारण उनके चैम्पियन बनने का अनुमान लगाया है।" उन्होंने कहा, ''टीम में (मिशेल) सेंटनर के होने के कारण जडेजा को अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा ताकि वे टीम के शीर्ष स्पिनर बने रहे। सीएसके के पास के इस मामले में विविधता है और हर स्पिनर दूसरे से अलग है। ऐसे में मुझे लगता है कि टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ परिस्थितियों से उन्हें काफी फायदा होगा।"
गौरतलब है कि लंबे इंतजार के बाद 6 सितंबर को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का कार्यक्रम जारी कर दिया गया और परंपरा के अनुसार मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियन्स 19 सितंबर को अबुधाबी में पहले मैच में पिछले साल के उप विजेता चेन्नई सुपरकिंग्स से भिड़ेगा। भारत में कोविड-19 के मामलों के बढ़ने के कारण विश्व की सबसे बड़ी टी20 लीग का आयोजन इस साल संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के तीन स्थानों दुबई, अबुधाबी और शारजाह में किया जा रहा है। टूर्नामेंट के उदघाटन मैच के बाद अगले दिन दुबई में दिल्ली कैपिटल्स और किंग्स इलेवन पंजाब आमने सामने होंगे, जबकि 21 सितंबर को सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के बीच मैच होगा। शारजाह में पहला मैच 22 सितंबर को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच खेला जाएगा।
The post ब्रेट ली ने बताया क्यों IPL 2020 खिताब का प्रबल दावेदार है CSK? appeared first on Bhavtarini.