

नई दिल्ली। चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और उनकी उम्र भी 39 साल से ज्यादा हो गई है। बावजूद इसके एमएस धौनी फुर्ती के मामले में युवा खिलाड़ियों को मात दे सकते हैं। इसी का प्रदर्शन उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के सातवें लीग मैच में दिखाया, जब चेन्नई की टीम दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ फील्डिंग कर रही थी। इसी दौरान धौनी ने एक हैरतअंगेज कैच पकड़ा।

धोनी ने यह कैच दिल्ली के पारी के 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर लिया। इस ओवर को तेज गेंदबाज सैम करन डाल रहे थे। करन की गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर थर्ड मैन की तरफ खेलना चाह रहे थे लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर एमएस धोनी के पास चली गई। धोनी ने अपनी दाईं ओर हवा में छलांग शानदार कैच पकड़ा। इसे देखकर खुद श्रेयस अय्यर भी हैरान रह गए। धोनी का यह कैच सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
धोनी ने इस कैच को लपकने के लिए 9 फीट की दूरी तय की। इस कैच के बाद एमएस धोनी ने साफ कर दिया है कि उनकी उम्र चाहे कितनी भी हो, वो अब भी अपनी फिटनेस और खेल से अच्छे-अच्छों को मात दे सकते हैं। इसके अलावा इस मैच के दौरान धोनी ने पृथ्वी शॉ को शानदार अंदाज में स्टंप आउट भी किया था। धोनी इस मैच में छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। उस समय काफी हद तक चेन्नई सुपर किंग्स के हाथ से मैच निकल चुका था। धोनी ने इस मैच में 12 गेंदों पर 15 रन बनाए जिसमें दो चौके शामिल हैं। धोनी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच थमाकर आउट हुए।
Herald