

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 18वें मैच में चेन्नई सुपरकिंग्स ने दुबई के मैदान पर किंग्स इलेवन पंजाब को 10 विकेट से हरा दिया। पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 178 रन बनाए। चेन्नई ने बिना विकेट गंवाए 17.4 ओवर में 181 रन बना लिए। इस सीजन में पहली बार कोई टीम 10 विकेट से जीती है। चेन्नई ने इसके साथ ही लगातार तीन हार के क्रम को तोड़ दिया। 5 मैच में उसकी ये दूसरी जीत है।

सलामी बल्लेबाज फाफ डु प्लेसिस और शेन वॉटसन के जोरदार अर्धशतक और दोनों के बीच रिकॉर्ड शतकीय साझेदारी से चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में रविवार को किंग्स इलेवन पंजाब को 10 विकेट से रौंदकर लगातार तीन हार के क्रम को तोड़ा। शेन वॉटसन ने अपनी पारी के दौरान 9वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 101 मीटर का छक्का लगाकर हर किसी को रोमांचित कर दिया। वॉटसन ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के स्टार स्पिनर रवि बिश्नोई को डीप मिडविकेट के ऊपर से ये गगनचुंबी छक्का लगाया।

शेन वॉटसन का ये छक्का इस IPL सीजन का दूसरा सबसे लंबा छक्का है। इस आईपीएल सीजन का सबसे लंबा छक्का जड़ने का रिकॉर्ड अभी तक राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर के नाम है जिन्होंने 105 मीटर का छक्का लगाया है। तीसरे नंबर पर दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर हैं जिन्होंने 99 मीटर का छक्का लगाया है।
Herald