

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल के 13वें सीजन में यूएई की धरती गेंदबाजों को भले ही न भा रही हो, लेकिन बल्लेबाजों के दिल जमकर खुश हो रहे हैं. कारण है यहां की आसान पिचों और छोटे स्टेडियमों में लंबे शॉट खेलने के लिए भरपूर गुंजाइश मिलना. इसका नजारा यहां हर मैच में लग रहे लंबे-लंबे छक्कों से दिखाई भी दे रही है. लेकिन बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा मजा आ रहा है शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में, जहां मामूली से प्रयास से ही गेंद बाउंड्री लाइन को पार करती दिखाई दे रही है. शारजाह में छक्कों के हर मैच में नए रिकॉर्ड बन रहे हैं. इस हिसाब से देखा जाए तो शारजाह स्टेडियम एक आईपीएल सीजन में एक मैदान पर सबसे ज्यादा छक्कों का नया रिकॉर्ड बना लेगा.

आईपीएल-2020 में अब तक दुबई में 7 मैच में 81 और अबु धाबी में 6 मैच में 66 ही छक्के अब तक लगे हैं. वहीं अकेले शारजाह में छक्के लगने का ये आलम है कि महज 3 मैच में ही 90 छक्के लग चुके हैं और 100 छक्कों वाली सूची में शामिल होने में इस स्टेडियम को महज अगले मैच का ही इंतजार है.

आईपीएल इतिहास में पहले 12 सीजन के दौरान महज 6 मैच ऐसे हुए थे, जिनमें दोनों टीमों ने मिलकर 28 या उससे ज्यादा छक्के लगाए थे. लेकिन अकेले आईपीएल-2020 में ही 3 मैच में ये कारनामा हो चुका है. संयोग की बात है कि ये तीनों मैच शारजाह स्टेडियम में ही खेले गए हैं. इस स्टेडियम में राजस्थान और चेन्नई के बीच मुकाबले में 33 छक्के लगे थे, जबकि किंग्स इलेवन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले में 29 छक्के लगाए गए. शनिवार को खेले गए दिल्ली कैपिटल्स और (Kolkata Knight Riders) के बीच मैच में भी बल्लेबाजों ने 28 बार गेंद को छक्के के लिए बाउंड्री लाइन के बाहर भेज दिया.
Herald