Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

दिल्ली और सनराइजर्स को झटका, IPL 2020 से बाहर हुए दो स्टार गेंदबाज

स्पोर्ट्स डेस्क। दिल्ली कैपिटल्स (DC) के अनुभवी लेग स्पिनर अमित मिश्रा और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सत्र से बाहर हो गए. भुवनेश्वर इस साल के आखिर में ऑस्ट्रेलिया दौरे से भी बाहर हो सकते हैं. अमित मिश्रा के दाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर है. उन्हें शारजाह में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ मैच के दौरान यह चोट लगी थी. तीन अक्टूबर को खेले गए इस मैच में 37 साल का यह खिलाड़ी नीतीश राणा का कैच लपकने की कोशिश में चोटिल हो गया था. उन्होंने दर्द के बावजूद अपनी गेंदबाजी पूरी की और इस दौरान खतरनाक शुभमन गिल का विकेट भी लिया.

सनराइजर्स हैदराबाद के भुवनेश्वर कुमार जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया. दो अक्टूबर को दुबई में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की पारी का 19वां ओवर फेंकने के दौरान भुवनेश्वर को चोट लगी थी और सिर्फ एक गेंद फेंकने के बाद वह लड़खड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे. मिश्रा के प्रबंधन कार्य को देखने वाली टीम के एक सूत्र ने बताया, ‘मिश्रा रिंग फिंगर में फ्रैक्चर के कारण आईपीएल टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. जाहिर है, यह बहुत ही निराशाजनक खबर है. वह दिल्ली कैपिटल्स की योजनाओं का अभिन्न अंग थे.’


दिल्ली कैपिटल्स ने भी बाद में विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह गेंदबाज भारत लौटकर एक विशेषज्ञ से परामर्श लेगा. बयान के मुताबिक, ‘इस दुर्भाग्यपूर्ण चोट के लिए मिश्रा अगले कुछ दिनों में विशेषज्ञ से परामर्श करेंगे. दिल्ली कैपिटल्स में हर कोई उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है.’ जहां तक भुवनेश्वर का सवाल है तो उनकी चोट कितनी गंभीर है यह अभी तक पता नहीं चला है, लेकिन इस 30 साल के गेंदबाज को पूरी तरफ से फिट होने में छह से आठ सप्ताह का समय लग सकता है.



Herald