

स्पोर्ट्स डेस्क। 31 अक्टूबर (शनिवार) को शारजाह के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद और आरसीबी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा. दोनों टीमें प्लेऑफ में जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी. अंक तालिका में इस समय आरसीबी दूसरे जबकि हैदराबाद की टीम छठे स्थान पर है. आपको बता दें कि आरसीबी ने अबतक 12 मैच खेले हैं जिसमें से 7 मैचों में जीत दर्ज किया है जबकि 5 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है. वहीं, हैदराबाद ने अबतक 13 मैच खेले हैं जिसमें 5 मैचों में उन्हें जीत मिली है जबकि 7 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है.

अभी केवल चेन्नई सुपर किंग्स ही एकमात्र ऐसी टीम है जो प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हुई है. उसने गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स पर आखिरी गेंद पर जीत दर्ज करके उसके समीकरण भी बिगाड़ दिये. अब तक केवल मुंबई इंडियन्स ही प्लेऑफ में जगह पक्की कर पाया है. चेन्नई को छोड़कर बाकी छह टीमें दौड़ में बनी हुई हैं. इनमें आरसीबी और सनराइजर्स भी शामिल हैं.
चेन्नई और मुंबई से पिछले दो मैच गंवाने के बावजूद अंकतालिका में आरसीबी अभी सनराइजर्स से बेहतर स्थिति में है. आरसीबी को प्लेऑफ में जगह सुनिश्चित करने के लिए सनराइजर्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले आखिरी दो मैचों में से एक मैच जीतना होगा. अपने दोनों मैच गंवाने के बाद भी आरसीबी के 14 अंक रहेंगे और वह तब भी बेहतर नेट रन रेट के आधार पर क्वालीफाई कर सकता है लेकिन इसके लिए उसे अन्य मैचों में भी अनुकूल परिणाम की दरकार रहेगी.
Herald