

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL के 13वें सीजन का दूसरा क्वालिफायर आज अबु धाबी में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। इस मैच की विजेता 10 नवंबर को मुंबई इंडियंस के साथ दुबई में खिताबी मुकाबला खेलेगी। इस मैच को जीतकर दिल्ली के पास अपना पहला फाइनल खेलने का मौका होगा। वहीं, आंकड़ों की बात करें, तो हैदराबाद मजबूत नजर आ रही है।

लीग राउंड में दिल्ली और हैदराबाद के बीच हुए दोनों मुकाबले में वॉर्नर की टीम भारी पड़ी थी। सीजन के 11वें मैच में हैदराबाद ने दिल्ली को 15 रन से हराया था। वहीं, सीजन के 47वें मैच में दिल्ली को हैदराबाद के हाथों 88 रन की करारी हार झेलनी पड़ी थी। अबू धाबी के शेख जायद इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले इस मुकाबले में मौसम बिल्कुल साफ रहेगा. हालांकि, खिलाड़ियों को यहां भी भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा. यहां ओस की बड़ी भूमिका रहने वाली है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करने का फैसला ले सकती है.

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम की तुलना में अबु धाबी का शेख जायद इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम काफी अलग है. यह साइज़ के हिसाब से काफी बड़ा ग्राउंड है. लेकिन टूर्नामेंट की शुरुआत की तुलना में अब यह विकेट काफी बदल गया है. यहां अब गेंद काफी रुक कर आ रही है. ऐसे में हमें यहां एक लो स्कोरिंग मैच देखने को मिल सकता है. हमारा मैच प्रेडिक्शन मीटर कहता है कि इस मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को जीत मिलेगी. हालांकि, मैच के क्लोज़ रहने की पूरी संभावना है.
Herald