

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2021 में फैंस को 8 की जगह 9 टीमों में भिड़ंत देखने को मिल सकती है। आईपीएल 2020 के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने दुनिया की इस सबसे महंगी घरेलू क्रिकेट लीग के 14वें सीजन के लिए तैयारी शुरू कर दी है। चूंकि कोरोनावायरस के कारण इस साल आईपीएल का आयोजन करीब 6 महीने देर से हुआ। 2021 सीजन से पहले मेगा ऑक्शन पूर्वनिर्धारित थी, लेकिन इस सीजन के आयोजन में देरी की वजह से अब समय काफी कम बचा है, जिसकी वजह से इसे रद्द करने की बात हो रही थी। अब जनवरी या फरवरी में मेगा ऑक्शन का आयोजन हो सकता है। वहीं मार्च के अंत में नए सीजन की शुरुआत हो सकती है। फ्रेंचाइजी के अधिकारी ने कहा, ‘बीसीसीआई ने हमें ऑक्शन की तैयारी शुरू करने के लिए कहा है। उन्होंने आधिकारिक रूप से नहीं कहा, लेकिन वे इसकी तैयारी में हैं।

आमतौर पर आईपीएल में खिलाड़ियों की नीलामी दिसंबर में होती है, लेकिन इस बार 10 नवंबर को टूर्नामेंट ही खत्म हुआ है। ऐसे में फ्रैंचाइजी को खिलाड़ियों को खरीदने के लिए होमवर्क करने का पूरा मौका नहीं मिला है। शायद इसी वजह से बीसीसीआई ने आईपीएल 2021 के लिए ऑक्शन इस साल दिसंबर की जगह जनवरी 2021 में कराने की योजना बनाई है। इससे जहां फ्रैंचाइजीस को प्रॉपर होमवर्क करने का समय मिलेगा, कोरोनोवायरस महामारी और लॉकडाउन के बाद बिगड़ी आर्थिक स्थिति को भी संतुलित करने का मौका मिलेगा।

बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली पहले ही कह चुके हैं कि आईपीएल 2021 का सीजन अगले साल मार्च और अप्रैल के बीच भारत में ही खेला जाएगा। इसे देखते हुए अब ज्यादा समय नहीं बचा है। यही वजह है कि आईपीएल के 14वें सीजन के लिए नीलामी 2021 की शुरुआत में कराई जाएगी।
Herald