Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पंजाब के कप्तान केएल राहुल बोले- एक शॉर्ट रन ने हमें IPL से बाहर कर दिया

स्पोर्ट्स डेस्क। चेन्नई ने आईपीएल के 13वें सीजन में रविवार को शेख जाएद स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को नौ विकेट से हरा दिया. पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 153 रनों का स्कोर बनाया, जिसे चेन्नई ने एक विकेट खोकर हासिल कर लिया. चेन्नई के लिए रितुराज गायकवाड ने 49 गेंदों पर छह चौके और एक छक्के की मदद से सर्वाधिक नाबाद 62 रन बनाए. उनके अलावा फॉफ डु प्लेसिस ने 48 और अंबाती रायडु ने नाबाद 30 रनों की पारी खेली. पंजाब के लिए क्रिस जॉर्डन को एकमात्र सफल मिली. इस हार के बाद पंजाब की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है. वहीं, चेन्नई ने जीत के साथ टूर्नामेंट का समापन किया. चेन्नई पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है. हार के बाद कप्तान लोकेश राहुल ने प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बाद कहा कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 20 सितंबर को शॉर्ट रन का फैसला उनकी टीम को भारी पड़ा. बता दें कि टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में लगातार हार के बाद पंजाब की टीम ने ज़ोरदार वापसी की थी. पंजाब को बाद में लगातार 5 मैचों में जीत मिली थी, लेकिन लगातार दो हार ने पंजाब की उम्मीदों को खत्म कर दिया.


राहुल ने चन्नई के खिलाफ नौ विकेट से मैच गंवाने के कहा, ‘ये निराशाजनक रहा. कई मैचों में अच्छी स्थिति में होने के बाद भी हम नतीजों को अपने पक्ष में नहीं कर पाए. इसके जिम्मेदार हम खुद हैं. वो शॉर्ट रन (20 सितंबर को दिल्ली के खिलाफ) हमें महंगा पड़ा. हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की. ये दबाव वाला मैच था, हमें उम्मीद थी कि हम 180-190 रन का स्कोर करेंगे. हम दबाव को झेलने में विफल रहे.’

20 सितंबर को दिल्ली के खिलाफ पंजाब के सामने जीत के लिए 157 रनों का लक्ष्य था. आखिरी 10 गेंदों पर पंजाब को जीत के लिए 21 रन बनाने थे. 19वें ओवर में गेंदबाजी के लिए कैगिसो रबाडा आए. मयंक अग्रवाल ने उनकी दूसरी गेंद पर चौका जड़ दिया. रबाडा की अगली गेंद यॉर्कर थी, जिसे मिड-ऑन की तरफ खेलकर अग्रवाल ने दो रन रन पूरे किए. दूसरी छोर से क्रिस जॉर्डन बैटिंग कर रहे थे, लेकिन अंपायर नितिन मेनन ने इसे शॉर्ट रन करार दिया. उन्होंने दूसरे अंपायर से बातचीत कर कहा कि जॉर्डन ने अपना पहला रन पूरा करते समय बल्ले को क्रीज के अंदर नहीं रखा. ऐसे में यहां पंजाब को सिर्फ 1 रन दिया गया. टीवी के स्लो मोशन रिप्ले में साफ-साफ देखा गया कि जॉर्डन का ये शॉर्ट रन नहीं था. उन्होंने बल्ले को सही तरीके से रखा था. लिहाजा एक रन की कमी से मैच टाई हो गया. बाद में सुपर ओवर में दिल्ली को जीत मिल गई.




Herald