

स्पोर्ट्स डेस्क। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी-20 मैच में चर्चाओं ने तब जोर पकड़ लिया, जब रवींद्र जडेजा के स्थान पर कनेक्शन सब्स्टीट्यूट के तौर पर प्लेइंग इलेवन में शामिल किए गए लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल टीम इंडिया की जीत के हीरो साबित हुए. बता दें कि इस मैच में युजवेंद्र चहल को शुरुआत में प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया था. चहल को भारत की गेंदबाजी के दौरान रवींद्र जडेजा के कनेक्शन सब्स्टीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया. युजवेंद्र चहल ने इस मैच में 4 ओवरों में 25 रन देकर 3 विकेट झटके.

इंडिया ने तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है. विराट ब्रिगेड ने कैनबरा के मनुका ओवल मैदान पर खेले गए पहले टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया को 11 रनों से शिकस्त दे दी. वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद भारत ने टी-20 सीरीज की बेहतरीन शुरुआत की है और 1-0 से बढ़त बनाई है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 161 रन बनाए और ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 162 रनों का टारगेट दिया.

जवाब में ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर 150 रन ही बना पाई. भारत के लिए टी. नटराजन और युजवेंद्र चहल ने 3-3 विकेट झटके. दीपक चाहर ने 1 विकेट लिया.ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरॉन फिंच 35 रन बनाकर आउट हुए. कन्कशन सब्स्टीट्यूट युजवेंद्र चहल ने उन्हें हार्दिक पंड्या के हाथों कैच आउट कराया. चहल ने इसके बाद स्टीव स्मिथ को संजू सैमसन के हाथों कैच आउट करा कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दे दिया. स्मिथ 12 रन बनाकर आउट हुए. 11वें ओवर में टी. नटराजन ने ग्लेन मैक्सवेल को आउट कर ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिराया. नटराजन ने मैक्सवेल को LBW आउट किया. मैक्सवेल 2 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद मैथ्यू वेड (7) और मोइजेस हेनरिक्स (30) भी आउट हो गए. नटराजन ने मिचेल स्टार्क (1) को क्लीन बोल्ड किया.
Herald