

स्पोर्ट्स डेस्क। दुनियाभर में तबाही मचाने वाली कोरोना महामारी ने अब एक और खिलाड़ी की जान ले ली है। सचिन तेंदुलकर के दोस्त और पूर्व तेज गेंदबाज विजय शिरके की शनिवार को ठाणे के एक अस्पताल में कोरोना की जटिलताओं की वजह से मौत हो गई। 80 के दशक में सचिन और विनोद कांबली जैसे खिलाड़ियों के साथ सनग्रेस मफतलाल के लिए खेल चुके शिरके 57 वर्ष के थे।
कल्याण से ताल्लुक रखने वाले विजय एक साल पहले ही ठाणे शिफ्ट हुए थे, लेकिन हाल ही में उन्हें कोरोना के लक्षणों के बाद अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। हालांकि वह इससे उबर चुके थे लेकिन उसकी जटिलताओं की वजह से उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी।

गौरतलब है कि सचिन के एक और दोस्त अवी कदम की अक्तूबर में कोरोना महामारी की वजह से मौत हो गई थी। शिरके के निधन से मुंबई क्रिकेट सदमे में है और अपना दुःख प्रकट किया है। विनोद कांबली ने जहां उनके साथ बिताए समय को याद किया है, वहीं पूर्व क्रिकेटर सलील अंकोला ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
Herald