

स्पोर्ट्स डेस्क। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले पूर्व भारतीय स्टार ऑलराउंडर सुरेश रैना जल्द ही मैदान पर खेलते दिखाई देंगे। बायें हाथ के इस बल्लेबाज ने पूर्व विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धौनी के साथ इस साल 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी। इसके बाद वह पारिवारिक कारणों से आइपीएल-13 में भी नहीं खेले थे और संयुक्त अरब अमीरात से वापस लौट आए थे।

रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लिया है लेकिन वह अभी घरेलू क्रिकेट खेलते रहेंगे। रैना शनिवार को कानपुर पहुंचेंगे और वहां उत्तर प्रदेश के शिविर में हिस्सा लेंगे। इसके साथ ही वह वहां पर 13 और 15 दिसंबर को अभ्यास मैच खेलेंगे।

रैना ने कहा कि इस साल सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश को एक और खिताब दिलाना चाहता हूं और उसके लिए पूरी मेहनत करूंगा। इसके बाद मेरा फोकस अगले साल होने वाले आइपीएल पर होगा।
Herald