

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाले तीसरे क्रिकेट टेस्ट का आयोजन सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में ही कराने का फैसला किया.इसके साथ ही इन अटकलों पर विराम लग गया कि कोरोना वायरस के कारण सीमा पर कड़ी पाबंदियों के कारण ब्रिसबेन में चौथे टेस्ट के लिए खिलाड़ियों की आवाजाही में मुश्किलों के कारण तीसरा टेस्ट मेलबर्न में ही हो सकता है. तीसरे टेस्ट का आयोजन 7 जनवरी से होना है. मेलबर्न में दूसरा टेस्ट 8 विकेट से जीतकर भारत ने सीरीज में 1-1 से बराबर कर ली है.

क्रिसमस से पहले सिडनी के उत्तरी तटों पर कोविड-19 के मामलों में इजाफे के बाद मेलबर्न को तीसरे टेस्ट के स्थल के रूप में स्टैंडबाई पर रखा गया था. सीए के अंतरिम सीईओ निक हॉकले ने कहा, ‘कोविड-19 महामारी के बीच कई चुनौतियों के बावजूद मुझे यह बताते हुए खुशी है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पुरुष अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराने की राह पर है.’ चौथा और आखिरी टेस्ट क्वीन्सलैंड के ब्रिसबेन में खेला जाना है जिसने सिडनी से आने वालों के लिए सीमा पर कड़ी पाबंदियां लागू की हैं.

हॉकले ने कहा, ‘सिडनी में जन स्वास्थ्य की स्थिति के आकलन को लेकर पिछले हफ्ते हमने नियमित रूप से बैठकें की और देश भर में सीमा पर पाबंदियों को लेकर इसके असर पर चर्चा की. अंत में, हमने फैसला किया है कि नए साल का टेस्ट सिडनी क्रिकेट मैदान पर ही होगा जिसका हाल में गुलाबी टेस्ट के आयोजन और खेल के तीसरे दिन जेन मैकग्रा दिवस मनाने का शानदार इतिहास रहा है.
Herald