

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन का 38 साल की उम्र में भी जलवा बरकरार है। उन्होंने कोरोना काल में श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए छह विकेट झटके और एक खास मामले में महान तेज गेंदबाज रिचर्ड हैडली और ग्लेन मैकग्रा को पीछे छोड़ दिया। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में 29 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनका इकोनमी रेट सिर्फ 1.40 का था और इसमें 13 मेडन ओवर भी शामिल हैं।

सीरीज के पहले मैच में मौका नहीं मिलने के बाद उन्हें इस मैच में खिलाया गया था। उन्होंने भी इस प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि उम्र उनके लिए बस एक नंबर है। श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में पांच विकेट पूरे करते ही एंडरसन ने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा 5 विकेट लेने के मामले में ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ग्लेन मैकग्रा को पीछे छोड़ दिया। एंडरसन के नाम अब टेस्ट क्रिकेट में 30 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज हो गया है, जो कि ग्लेन मैकग्रा से एक नंबर ज्यादा है। टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा बार पांच विकेट विकेट लेने का रिकॉर्ड श्रीलंका के महान स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के नाम है, जिन्होंने यह कारनामा 67 बार किया है।
इस मैच में एंडरसन ने तेज गेंदबाज के रूप में 30वीं बार पारी में पांच विकेट लेकर न्यूजीलैंड के महान रिचर्ड हैडली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जिन्होंने यह कारनामा 36 बार किया है। साथ ही एंडरसन ने एशियाई धरती पर सबसे ज्यादा उम्र में पांच विकेट झटककर उन्हें पीछे भी छोड़ दिया। जहां रिचर्ड हैडली ने यह कारनामा 37 साल और 144 दिनों में किया था, वहीं एंडरसन ने यह कारनामा 38 साल और 176 दिनों में किया है।
Herald