Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

कोच रवि शास्त्री के बाद रहाणे का ड्रेसिंग रूम में स्पीच का VIDEO वायरल

भारत द्वारा ऑस्ट्रेलिया को उनके ही घर में हराने और फिर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखने के बाद टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में टीम के हेड कोच रवि शास्त्री की स्पीच का वीडियो काफी वायरल हुआ था। इसमें वो अपने घायल योद्धाओं को उनके साहस, संकल्प और जज्बे के लिए शाबासी दे रहे थे। इस दौरान खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ समेत सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखरी थी और सीटियां-तालियां बज रहीं थीं। इस वीडियो को बीसीसीआई ने शेयर किया था। बीसीसीआई ने इस ऐतिहासिक जीत के चार दिन बाद अब कप्तान अजिंक्य रहाणे की स्पीच का वीडियो शेयर किया है, जो कि काफी तेजी से वायरल हो रहा है।


इस वीडियो में रहाणे कहते हुए नजर आ रहे हैं कि, ''हमारे साथ जो कुछ भी एडिलेड में जो भी हुआ(36 रन पर ऑलआउट), वो हैरान कर देने वाला था। इसके बाद हमने जिस तरह से मेलबर्न और फिर सीरीज के आगे के मैचों में वापसी की, वो शानदार थी। इस जीत के लिए किसी एक-दो नहीं बल्कि सभी खिलाड़ियों ने प्रयास किया जो कि बेहतरीन था। बता दें कि एडिलेड में मिली शर्मनाक हार के बाद अजिंक्य रहाणे ने मेलबर्न टेस्ट मैच में ना सिर्फ टीम को एकजुट किया, बल्कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने के लिए मोटिवेट भी किया। रहाणे की कप्तानी में बॉक्सिंग-डे टेस्ट को जीतकर टीम इंडिया ने सीरीज में वापसी की, इस मुकाबले में रहाणे खुद टीम के संकटमोचक साबित हुए और उन्होंने शानदार शतकीय पारी खेली। सिडनी टेस्ट में ऋषभ पंत को हनुमा विहारी से ऊपर भेजने के फैसले को लेकर भी रहाणे की जमकर तारीफ हुई।


वहीं, टेस्ट सीरीज के निर्णायक ब्रिसबेन टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्विन की अनुपस्थिति में जिस तरह से रहाणे ने एक अनुभवहीन गेंदबाजी अटैक से बढ़िया प्रदर्शन करवाया, वह भी काफी शानदार रहा। भारत की टीम ने ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को हराकर उनका 32 साल से इस मैदान पर अजेय रहने का रिकॉर्ड भी तोड़ा। भारत ऐसी पहली एशियाई टीम बनी, जिन्होंने कंगारू टीम को गाबा में शिकस्त दी। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी को अपने नाम करने में सफल रही। ब्रिसबेन टेस्ट में मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत टीम की जीत के हीरो रहे।



Herald