Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

जब केक पर कंगारू बना देखकर अजिंक्य रहाणे ने काटने से किया इनकार: VIDEO

ऑस्ट्रेलियाई की सरजर्मी पर मिली ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय टीम के खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट रहे हैं। विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया की अगुवाई करने वाले अजिंक्य रहाणे की कप्तानी की जमकर तारीफ हो रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे से घर लौटने के बाद अजिंक्य रहाणे का उनके आसपास के लोगों ने जोरदार स्वागत किया। इसी बीच, जश्न के इस माहौल में लोगों ने रहाणे के लिए एक केक भी तैयार करवाया, जिसके ऊपर कंगारू बना था और इसको रहाणे से काटने की गुजारिश की गई, लेकिन केक पर बने कंगारू को देखते हुए रहाणे ने इसको काटने से इनकार कर दिया। मराठी के एक टीवी चैनल का वीडियो भी इसको लेकर काफी वायरल हो रहा है।


अजिंक्य रहाणे अपनी वाइफ राधिका और बेटी के साथ घर पहुंचे तो उनके फैन और आसपास के लोगों ने रहाणे के जोरदार स्वागत की तैयारियां कर रखीं थीं। रहाणे जैसे ही अंदर पहुंचे वैसे ही बैंड-बाजा के साथ उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान रहाणे को एक केक काटने के लिए कहा गया, जिसके ऊपर कंगारू बना था, लेकिन रहाणे ने ऑस्ट्रेलिया के प्रति सम्मान दिखाते हुए उस केक को काटने से इनकार कर दिया और उसको वहां से ले जाने के लिए कहा। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी जमकर वायरल हो रहा है।


रिपोर्ट्स के अनुसार, रहाणे के एक दोस्त हिमांशु पाटिल ने इस केक का ऑर्डर दिया था। एडिलेड में मिली हार के बाद तमाम क्रिकेट दिग्गजों ने कहा था कि भारत इस टेस्ट सीरीज को 4-0 से हारेगा, लेकिन रहाणे ने बेहतरीन कप्तानी करते हुए ना सिर्फ सबको गलत साबित किया, बल्कि दर्जन भर खिलाड़ियों के चोटिल होने के बावजूद टीम इंडिया 2-1 से जीत दिलाई। मेलबर्न में रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारी भी खेली, जबकि सिडनी टेस्ट में ऋषभ पंत को हनुमा विहारी से ऊपर भेजने के उनके फैसले की भी जमकर तारीफ हुई। रहाणे ने बतौर कप्तान अभी तक एक भी टेस्ट मैच में हार का सामना नहीं किया है और वह इस रिकॉर्ड को ऑस्ट्रेलिया में भी कायम रखने में सफल रहे हैं।



Herald