

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 24 फरवरी से अहमदाबाद के मोटेरा स्टेडियम में खेला जाएगा। डे-नाइट टेस्ट में दोनों ही टीमों के प्लेइंग इलेवन में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पिंक बॉल से होने वाले इस टेस्ट के लिए भारतीय टीम तीन तेज गेंदबाजों के साथ जा सकती है। वहीं, इंग्लैंड की टीम में भी दूसरे टेस्ट मिस करने वाले जेम्स एंडरसन की वापसी हो सकती है। आइए एक नजर डालते हैं कि तीसरे टेस्ट में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में क्या बदलाव हो सकते हैं।
चेन्नई टेस्ट मैच में बेहद कम ओवर गेंदाबजी करने वाले कुलदीप यादव को डे-नाइट टेस्ट मैच के लिए टीम से बाहर बैठना पड़ सकता है। कुलदीप की जगह तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टीम में वापसी हो सकती है। पिंक बॉल से तेज गेंदबाजों को अच्छी मदद मिलती है और डे-नाइट मुकाबला होने के चलते स्पिनर का रोल काफी कम हो जाएगा। ऐसे में कुलदीप पर तीसरे मैच में गाज गिरना तय माना जा रहा है। चाइनामैन गेंदबाज को लगभग दो साल बाद टेस्ट टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्होंने मैच में काफी कम ओवर की गेंदबाजी की थी।
अपने डेब्यू टेस्ट मैच की दूसरी पारी में पांच विकेट लेने वाले अक्षर पटेल को तीसरे टेस्ट मैच में प्लेइंग इलेवन से बाहर बैठना पड़ सकता है। तीसरा टेस्ट डे-नाइट मुकाबला होगा, इसके साथ ही यह पिंक बॉल से खेला जाएगा ऐसे में इस गेंद से तेज गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है। स्पिन गेंदबाजों को पिंक बॉल से कोई खास मदद नहीं मिलती है, जिसको देखते हुए टीम इंडिया अक्षर की जगह पर हार्दिक को आजमा सकती है। हार्दिक पांड्या को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में पीठ की समस्या को देखते हुए शामिल नहीं किया गया था।
Herald