Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

IND vs ENG: दूसरे टेस्ट के नतीजे को लेकर हरभजन सिंह ने की भविष्यवाणी, बताया इतने दिनों में खत्म हो जाएगा मैच

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 6 विकेट खोकर 300 रन बना लिए हैं। टीम की तरफ से रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 161 रनों की पारी खेली, जबकि अजिंक्य रहाणे ने 67 रनों का योगदान दिया। दिन के आखिरी सेशन में इंग्लैंड ने मैच में वापसी करते हुए जल्दी-जल्दी तीन विकेट झटके। टेस्ट के पहले दिन ही पिच पर काफी टर्न देखने को मिला, जिसके बाद भारत के ऑफ स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने टेस्ट मैच के नतीजे को लेकर भविष्यवाणी करते हुए कहा कि यह मैच तीन दिन में खत्म हो जाएगा।

हरभजन सिंह ने अपने ट्विटर पर लिखा, 'टेस्ट मैच का पहला सेशन। गेंद ऐसे घूम रही है जैसे मैच का 8वां दिन हो। मुझे लगता है कि भारत और इंग्लैंड के बीच यह टेस्ट मैच तीन दिन या साढे तीन दिन में खत्म हो जाएगा।' पहले टेस्ट मैच की दोनों ही पारियों में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके रोहित शर्मा और रहाणे ने इस मैच में चौथे विकेट के लिए 162 रनों की पार्टनरशिप की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। हालांकि, कप्तान कोहली (0) उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और मोईन अली की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुभमन गिल बिना खाता खोले ही ओली स्टोन की गेंद पर बोल्ड हो गए। इसके बाद, चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। भारत ने इस टेस्ट मैच के लिए अपने प्लेइंग इलेवन में तीन बदलाव किए। वॉशिंगटन सुंदर की जगह टीम में अक्षर पटेल को शामिल किया गया, जबकि शाहबाज नदीम के स्थान पर कुलदीप यादव और बुमराह की जगह पर मोहम्मद सिराज को रखा गया।



Herald