

इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही चार मैचों की टेस्ट सीरीज के तीन मैचों में अबतक 24 विकेट अपने नाम कर चुके रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा खुलासा किया है। अश्विन ने कहा है कि वह गलती से क्रिकेटर बन गए। टेस्ट क्रिकेट में 400 विकेट पूरे करने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज ने कहा कि उनको क्रिकेट बहुत पसंद था, लेकिन उन्होंने कभी सोचा नहीं था कि वह भारत के लिए खेलेंगे। अश्विन ने चेन्नई टेस्ट में आठ विकेट लेने के साथ ही शानदार शतकीय पारी भी खेली थी। आईसीसी की ऑलराउंडर्स की ताजा रैंकिंग में अश्विन इस समय पांचवें नंबर पर काबिज हैं।

बीसीसीआई टीवी को दिए गए एक इंटरव्यू में बात करते हुए अश्विन ने कहा, 'मैं गलती से क्रिकेटर बन गया। मैं एक क्रिकेट लवर हूं जो कि एक क्रिकेटर बन गया। मैं यहां पर अपने सपने को जी रहा हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं इंडिया की जर्सी को पहनूंगा और भारत के लिए खेलूंगा।' अश्विन ने बताया कि उनको कोविड-19 के चलते लगे लॉकडाउन के दौरान यह एहसास हुआ कि वह कितने लकी हैं कि उनको भारत के लिए खेलने का मौका मिला। उन्होंने कहा, 'हर बार जब मैं किसी मैच को खत्म करता हूं और अगर उसमें टीम को जीत मिलती है तो मुझे बहुत खुशी मिलती है। लेकिन, कोविड टाइम ने मुझे एहसास कराया कि मैं कितना लकी हूं कि मैं भारत के लिए खेला।'

अश्विन ने कहा कि उनको उम्मीद नहीं थी कि उनको ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, 'जब मैं आईपीएल से वापस आया तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं ऑस्ट्रेलिया में खेलूंगा। तो जैसा मैंने कहा सबकुछ एक गिफ्ट है। जिस खेल को मैंने चाहा उसने मुझे वापस बहुत कुछ दिया।' अश्विन ने कहा कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान व्यक्तिगत प्रदर्शन के कई वीडियो देखे जिससे उनकी खेल के प्रति अपनी समझ बेहतर हुई। उन्होंने कहा, 'मैं पहले भी काफी फुटेज देखा करता था लेकिन इस बार मेरी खेल के प्रति समझ बेहतर हुई। लॉकडाउन के दौरान मैंने पूर्व के कई मैच देखे विशेषकर सचिन की चेपॉक में खेली गयी पारी और अन्य मैच।'
Herald