

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट का दूसरा दिन भारतीय गेंदबाजों के नाम रहा। रविचंद्रन अश्विन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए, जिसके चलते इंग्लैंड की टीम पहली पारी में महज 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने दूसरी पारी में एक विकेट खोकर 54 रन बना लिए हैं और टीम की कुल बढ़त 249 रनों की हो गई है। टेस्ट के दूसरे दिन ऋषभ पंत की विकेट के पीछे से की गई कमेंट्री भी जमकर चर्चा में रही और सोशल मीडिया पर फैन्स ने भी इसको काफी एन्जॉय किया।

ऋषभ पंत ने पहली पारी में 58 रनों की नाबाद पारी खेली और बतौर विकेटकीपर भी पंत ने कुछ लाजवाब कैच पकड़े, जिसमें ओली पोप का विकेट भी शामिल रहा। हालांकि, टेस्ट के दूसरे दिन पंत अपनी बल्लेबाजी और कीपिंग से कहीं ज्यादा चर्चा में अपनी कमेंट्री को लेकर रहे। पंत विकेट के पीछे खड़े होकर लगातार गेंदबाजों को सलाह भी देते नजर आए। पंत ने बेन फोक्स के लिए अक्षर से कहा, 'इसके मुंह पर भी डाल सकता है' पंत की आवाज स्टंप माइक में कैद हुई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई सीरीज में भी पंत इसी तरह से कमेंट्री करते नजर आए थे।
Epic stump mic Of Kohli & Pant #ViratKohli #RishabhPant #INDvsENG #INDvENG #TeamIndia pic.twitter.com/WIBaoy7PXz
— Middle Stump Cricket (@MiddleStumpIND) February 14, 2021
भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए अपने करियर में 23वीं बार पांच विकेट चटकाए और जेम्स एंडरसन को इस मामले में पीछे छोड़ा। अश्विन टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ 200 विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने यह खास उपलब्धि स्टुअर्ड ब्रॉड को क्लीन बोल्ड करने के बाद हासिल की। अश्विन बेन स्टोक्स को भी 18 रनों के स्कोर पर बोल्ड किया। इससे पहले, भारत की टीम पहली पारी में 329 रन बनाकर ऑलआउट हुई। पंत ने नाबाद 58 रनों की पारी खेली। इंग्लैंड की तरफ से मोईन अली ने सबसे ज्यादा चार विकेट चटकाए।
Herald