

नई दिल्ली: इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 3-1 से मात देने के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने सीनियर ओपनर रोहित शर्मा को टीम से बाहर रखा, जिसके बाद हर तरफ उनकी आलोचना की जा रही है. इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग भी रोहित को टीम में जगह ना देने पर खफा हो गए हैं.इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के पहले टी 20 में टीम मैनेजमेंट ने रोहित शर्मा की जगह शिखर धवन को ओपनिंग के लिए केएल राहुल के साथ भेजा. धवन इस मैच में फ्लॉप रहे और कुल 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. बता दें कि पहले मैच से पहले कप्तान विराट कोहली ने कहा था कि वे रोहित और राहुल से ही ओपन कराएंगे और शिखर रिजर्व ओपनर रहेंगे. लेकिन पहले मैच में रोहित शर्मा को बाहर रखा गया.

पहले मैच में रोहित शर्मा को ना खिलाए जाने पर टीम इंडिया के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग खुश नहीं है. सहवाग ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा, 'विराट ने कहा है कि रोहित शर्मा शुरुआती दो मैचों में नहीं खेलेंगे, लेकिन अगर भारत हारता है तो क्या ये रणनीति बनी रहेगी. हार से टीम पर बहुत फर्क पड़ता है. मैं अगर कप्तान होता तो अपनी बेस्ट टीम को उतारता. रोहित शर्मा अगर मौजूद हैं तो उन्हें टीम में रखना चाहिए. पब्लिक रोहित जैसे खिलाड़ियों को देखने आती है. मैं खुद उनका फैन हूं. वो नहीं खेलेंगे तो मेरा टीवी बंद रहेगा.
इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भारतीय टीम को 8 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. भारत ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 124 रन का स्कोर खड़ा किया. श्रेयस अय्यर की 67 रन की पारी को हटा दें तो कोई भी भारतीय बल्लेबाज ज्यादा कुछ कर नहीं पाया. लक्ष्य का पीछा करने आई इंग्लैंड ने सिर्फ 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली. इंग्लैंड की ओर से जेसन रॉय ने सबसे ज्यादा 49 रन की पारी खेली.
Herald