

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान इंजमाम उल हक को पाकिस्तान के क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक माना जाता है. ड्रेसिंग रूम की एक महत्वपूर्ण शख्सियत इंजमाम पाकिस्तान के लिए खेलने वाले बेस्ट बल्लेबाजों में से एक थे. पाकिस्तान के लिए वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (11739) बनाने वाले इंजमाम ने टेस्ट क्रिकेट में तीसरे नंबर पर हैं. लगातार परफॉर्म करने वाले इंजमाम उल हक मैदान और मैदान के बाहर अपने शांत मिजाज के लिए भी जाने जाते थे. भारतीय क्रिकेटरों से उनके रिश्ते हमेशा से ही मधुर रहे हैं. वीरेंद्र सहवाग ने भी एक इंटरव्यू के दौरान इंजमाम से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया था. विक्रम साठे के चैट शो 'वॉट द डक' में वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) गेस्ट बनकर आए थे. इस दौरान उन्होंने क्रिकेट से जुड़े कई खुलासे किए थे. इसी दौरान सहवाग ने इंजमाम उल हक से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी सुनाया था,

जिसमें उन्होंने बताया था कि किस तरह एक बार इंजमाम ने उन्हें छक्का मारने देने के लिए फील्डिंग बदल दी थी. पूर्व भारतीय ओपनर वीरेंद्र सहवाग को विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में जाना जाता है, जो विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हैं. गेंदबाजों के लिए एक बुरा सपना माने जाने वाले सहवाग ने बेंगलुर में चल रहे टेस्ट मैच में दानिश कनेरिया की एक गेंद को छक्के के लिए हिट किया था. इस चैट शो में सहवाग ने बताया, ''मुझे याद है कि हम बेंगलुरु में टेस्ट मैच खेल रहे थे. पहली पारी में मैंने 201 रन बनाए. मैं बल्लेबाजी कर रहा था और इंजमाम स्लिप पर खड़े थे. मैं दानिश की गेंद पर लगातार हिट लगा रहा था. मैंने इंजी भाई से कहा कि लॉन्ग ऑन को आगे लगाओ. उन्होंने पूछा क्यों तो मैंने कहा कि मैं छक्का लगाना चाहता हूं.
सहवाग ने बताया, ''अगली गेंद पर इंजमाम ने लॉन्ग ऑन पर खड़े फील्डर को आगे बुला लिया.'' दानिश कनेरिया (Danish Kaneria) ने सहवाग के पैड पर गेंद फेंकी. सहवाग ने गेंद को छक्के के लिए रवाना कर दिया. दानिश ने अपने कप्तान से पूछा कि तुमने लॉन्ग ऑन के फील्डर को आगे क्यों बुला लिया. इस इंजमाम हंसे और कहा कि एक गेंद के लिए उसे आगे बुलाया है. बाद में इंजमाम ने कहा कि सहवाग से उनके भाई वाले रिश्ते हैं. सचिन तेंदुलकर और वीरेंद्र सहवाग दोनों ने ही इस शो के दौरान इंजमाम उल हक को नेक इंसान बताया. इंजमाम उल हक ने पाकिस्तान के लिए खेले 120 टेस्ट और 378 वनडे में 20,569 रन बनाए हैं. उन्होंने अक्टूबर 2007 में क्रिकेट को अलविदा कह दिया था.
Herald