

नई दिल्ली। पिछले साल संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 13वें सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए डेथ गेंदबाजी चिंता का कारण रही थी, क्योंकि शेल्डन कॉट्रेल जैसे गेंदबाजों को एक-एक ओवर में 4-4 छक्के पड़े थे। इसके अलावा मोहम्मद शमी भी दूसरे छोर से बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहे थे, जबकि क्रिस जॉर्डन भी प्रभावी नजर नहीं आए थे, लेकिन अब पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने दावा किया है कि डेथ बॉलिंग पंजाब की टीम के लिए चिंता का विषय नहीं है।

ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर बल्लेबाजी के समय हाथ में फ्रैक्चर झेलने वाले मोहम्मद शमी आइपीएल में पूरी तरह फिट होकर उतरने वाले हैं। फिटनेस को लेकर शमी ने कहा, "मैं बिल्कुल ठीक हूं और खेलने के लिए तैयार हूं। बल्लेबाजी करते समय चोट लगना दुर्भाग्यपूर्ण था, क्योंकि मैंने लंबे समय तक फिटनेस में समस्या नहीं देखी थी, लेकिन यह एक ऐसी चीज थी जिसके बारे में मैं कुछ नहीं कर सकता था, लेकिन यह खेल का हिस्सा है शमी के पास पिछले साल अपने आइपीएल करियर का सबसे अच्छा सीजन था, जब उन्होंने 8.57 की इकॉनोमी से 20 विकेट लिए थे, लेकिन उन्हें अन्य पेसर्स से ज्यादा समर्थन नहीं मिला, जो डेथ ओवरों में रन नहीं बचा पाते थे, अंततः टीम को इसकी मार झेलनी पड़ी, क्योंकि टीम प्लेऑफ की बर्थ हासिल नहीं कर पाई थी। हालांकि, अब टीम ने झाय रिचर्डसन, रिले मेरेडिथ और मोइसेस हेनरिक्स को इस अंतर को पूरा करने के लिए साथ जोड़ा है।

तेज गेंदबाज शमी ने कहा, "हम अतीत को नहीं बदल सकते। मैंने पिछले सीजन में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और जब भी मैं साथी तेज गेंदबाजों की मदद कर सकता था, मैंने की। हमें अब अच्छे विदेशी खिलाड़ी मिले हैं। यह एक मजबूत टीम है इसलिए हमें इस बार और बेहतर करना चाहिए।" लगातार पांच मैच जीतने के बाद फिर टीम ने दो मुकाबले गंवा दिए थे और इस कारण से टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंच सकी थी। कई करीबी मैच भी टीम ने गंवाए थे भारतीय तेज गेंदबाज ने आगे बताया, "सबसे छोटे प्रारूप में आपका दिमाग बिल्कुल स्पष्ट होना चाहिए। एक इकाई के रूप में हमने अच्छा काम किया, लेकिन करीबी मैच हार गए, जो हमें जीतने चाहिए थे। सहायक कर्मचारी और खिलाड़ी उस बारे में एक दूसरे के साथ फ्रैंक थे। पिछले साल की तुलना में हमारी डेथ बॉलिंग बेहतर है, इसलिए हमें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए।" शमी ने ये भी कहा है कि बायो-बबल में खेलना कठिन है।
Herald