

वनडे क्रिकेट में जब भी कामयाब ओपनिंग जोड़ी की बात होती है तो सचिन-गांगुली, सचिन-सहवाग, हेंस-ग्रीनिज, गिलक्रिस्ट-हेडन सबसे पहले याद आते हैं. लेकिन यह तो इतिहास की बात है. मौजूदा क्रिकेट में ओपनिंग जोड़ी का जिक्र होने पर रोहित शर्मा-शिखर धवन और डेविड वॉर्नर-एरॉन फिंच पहले याद आते हैं. मौजूदा क्रिकेट में ही एक ऐसी जोड़ी है, जिसने अभी तक 50 मैच में भी साथ ओपनिंग नहीं की है, लेकिन वह रोहित-धवन और वॉर्नर-फिंच से भी खतरनाक है. हम बात कर रहे हैं जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय की जोड़ी की. यह जोड़ी 12 बार शतकीय ओपनिंग साझेदारी कर चुकी है, जो 2015 के बाद सबसे अधिक है.

जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय () की जोड़ी ने भारत के खिलाफ मंगलवार को पहले वनडे मैच में 135 रन की ओपनिंग साझेदारी की. उन्होंने इस साझेदारी के दौरान महज 11.3 ओवर में ही 100 रन जोड़ लिए थे. उनकी इस साझेदारी के कारण ही भारत का मजबूत स्कोर (317/5) भी छोटा लगने लगा. बेयरस्टो और रॉय की यह जोड़ी प्रसिद्ध कृष्णा ने तोड़ी. उन्होंने जेसन रॉय को प्वाइंट पर सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच कराया. जॉनी बेयरस्टो और जेसन रॉय को साथ ओपनिंग करते हुए अभी 4 साल ही हुए हैं. इस छोटे से दौर में इन दोनों ने बतौर ओपनर वह रुतबा हासिल कर लिया है, जो दिग्गजों को हासिल है. एक जनवरी 2015 से बाद की बात करें तो सिर्फ रोहित-धवन और वॉर्नर-फिंच की ओपनिंग जोड़ी ही बेयरस्टो-रॉय से ज्यादा रन सकी है.

लेकिन अगर औसत, तेजी से रन बनाने और शतकीय साझेदारी की बात करें तो इंग्लिश जोड़ी रोहित-धवन और वॉर्नर-फिंच से आगे निकल जाती है. रोहित-धवन की भारतीय जोड़ी ने 76 मैच में 3366 रन की साझेदारी की है. इसमें 10 शतकीय साझेदारी है. इसी तरह वॉर्नर-फिंच ने 59 मैच में 3098 रन की साझेदारी की है. इसमें भी 10 शतकीय साझेदारी है. बेयरस्टो-रॉय ने 42 मैच में 12 शतकीय साझेदारी कर 2539 रन बना डाले. बेयरस्टो-रॉय ने 60 से अधिक औसत से रन बनाए हैं. रोहित-धवन ने 44.28 और वॉर्नर-फिंच ने 53.41 की औसत से रन जोड़े हैं.
Herald