

इंग्लैंड से तीसरे टी20 मैच में हारकर भारत सीरीज में 2-1 से बाहर हो गया है. तीसरे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया को आठ विकेट से हार मिली. मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए छह विकेट पर 156 रन बनाए थे. उसके लिए कप्तान विराट कोहली ने फिफ्टी लगाई और 77 रन की पारी खेली. लेकिन इंग्लैंड ने 10 गेंद बाकी रहते दो विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. उसकी जीत के नायक जोस बटलर रहे जिन्होंने नाबाद 83 रन की पारी खेली. भारत के लिए टॉप ऑर्डर के बल्लेबाजों की नाकामी के साथ ही एक गेंदबाज का आउट ऑफ फॉर्म होना चिंता की बात है. यह गेंदबाज है युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal). यह लेग स्पिनर इस सीरीज के तीनों मैचों में टीम इंडिया की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा है.

इस सीरीज के तीन मैच में युजवेंद्र चहल तीन ही विकेट ले सके हैं. इस दौरान उन्होंने 9.91 की इकनॉमी से रन लुटाए हैं. साथ ही उनका विकेट लेने का औसत भी 39.66 का है जो काफी खराब है. उन्होंने हर चार ओवर में एक विकेट मिल रहा है जो कि चिंताजनक है. युजवेंद्र चहल अभी भारत के नंबर वन स्पिनर हैं. ऐसे में उनके इस तरह के आंकड़े टीम की चिंता बढ़ाने वाले हैं. चहल न तो विकेट ले पा रहे हैं और न ही रनों को रोक पा रहे हैं. इस वजह से इंग्लैंड के बल्लेबाज खुलकर खेल रहे हैं. चहल की गेंदों पर इस सीरीज में सात छक्के लगे हैं. अंग्रेज बल्लेबाजों ने मनमर्जी से उनके खिलाफ बड़े शॉट लगाए हैं.
ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड सीरीज में भी नहीं चले थे चहल
इस सीरीज से पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी चहल विकेट के लिए तरसते दिखे थे. उस समय पहले टी20 में रवींद्र जडेजा के सब्स्टीट्यूट के रूप में उतरकर उन्होंने तीन विकेट लिए थे. लेकिन अगले दो मैच में वे एक विकेट ही ले सके थे. इस दौरान भी उनके खिलाफ काफी रन बने थे. सिडनी में दूसरे टी20 में उन्होंने 51 रन दिए थे तो तीसरे मैच में 41 रन लुटाए थे. अगर भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर नज़र डालें तो वहां भी चहल की फिरकी का जादू नहीं चला था. उस सीरीज में पांच मैच में तीन विकेट ही उनके हिस्से आए थे. इस दौरान एक मैच को छोड़कर बाकी मैच में उन्होंने नौ से ज्यादा इकनॉमी से रन दिए थे. हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में चहल का खेल स्पेशल नहीं रहा था. यहां पर भी कुछेक मैच को छोड़कर बाकी में विकेटों की तलाश में ही दिखे. युजवेंद्र चहल ने अभी तक भारत के लिए 48 टी20 मैच खेले हैं. इनमें उन्होंने 62 विकेट लिए हैं. 25 रन देकर छह विकेट उनका बेस्ट प्रदर्शन रहा है. इन मैचों में उनकी इकनॉमी 8.40 की रही है.
Herald