Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

नेशनल महिला मुक्केबाजी कैम्प में हेड कोच सहित 21 सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव

 नई दिल्ली 
भारतीय महिला मुक्केबाजी के हाई परफोरमेंस निदेशक रफाएल बर्गामास्को और मुख्य कोच मोहम्मद अली कमर शिविर के उन 21 सदस्यों में शामिल हैं, जिन्हें इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है, लेकिन कोई भी संक्रमित मुक्केबाज ओलंपिक जाने वाले दल का हिस्सा नहीं है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) ने शिविर में संक्रमितों की पुष्टि के लिए बयान जारी किया, लेकिन संक्रमित खिलाड़ियों के नाम का खुलासा नहीं किया। हालांकि टीम के एक करीबी सूत्र ने पीटीआई से कहा कि जो लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं, उनमें कोचिंग स्टाफ के शीर्ष सदस्य शामिल हैं।

साइ ने कहा, 'नई दिल्ली में इंदिरा गांधी खेल परिसर में शीर्ष महिला मुक्केबाजों के लिए लगे राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में ऐहतियाती कोविड-19 जांच कराई गई, जिसमें खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ सहित 21 लोगों को पॉजिटिव पाया गया। हालांकि इनमें से कोई भी ओलंपिक जाने वाले दल की मुक्केबाज नहीं हैं। जिन्हें कोविड-19 पॉजिटिव पाया गया है, उनमें कोई लक्षण नहीं है और उन्हें साइ प्रोटोकॉल के अनुसार क्वारंटाइन क्षेत्र में भेज दिया गया है।
 
इसके अनुसार, 'नेगेटिव आई ओलंपिक जाने वाली मुक्केबाज और शिविर के अन्य लोगों को नई दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में सुरक्षित क्षेत्र में रखा गया है। साइ का सबसे महत्वपूर्ण प्रयास वायरस फैलने से रोकना है।' सूत्र ने खुलासा किया कि इसके कारण कुछ समय के लिए ट्रेनिंग रोक दी गई है। उन्होंने कहा, ''रफाएल और अली कमर कुछ अन्य सहयोगी कोचों के साथ पॉजिटिव आए हैं।'

उन्होंने कहा, 'ओलंपिक जाने वाली मुक्केबाज पॉजिटिव नहीं हैं, लेकिन वे स्पारिंग के दौरान कोविड-19 पॉजिटिव आने वाली मुक्केबाजों के संपर्क में आई हो सकती हैं, इसलिए इसकी और निगरानी की जरूरत होगी। हर किसी को क्वारंटाइन में भेज दिया गया है। अभी कोई ट्रेनिंग नहीं चल रही।' ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम (51 किग्रा), सिमरनजीत कौर (60 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा) और पूजा रानी (75 किग्रा) हैं। पटियाला में मार्च में पुरुष दल के 10 सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे।

The post नेशनल महिला मुक्केबाजी कैम्प में हेड कोच सहित 21 सदस्य कोविड-19 पॉजिटिव appeared first on Bhavtarini.